उप्र का मौसम : प्रदेश के कई जिलों में प्रचंड गर्मी व लू का कहर , माैसम विभाग ने जारी किया रात के लिए भी रेड अलर्ट
उप्र का मौसम : प्रदेश के कई जिलों में प्रचंड गर्मी व लू का कहर , माैसम विभाग ने जारी किया रात के लिए भी रेड अलर्ट
लखनऊ , 22 मई । उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को भी तेज धूप और लू सता रही है। सड़कों पर आवागमन कम हो गया है और प्रदेश के दर्जन भर जिलों का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से पार हो गया है। शुक्रवार दाेपहर बांदा का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल गर्मी से किसी प्रकार की राहत मिलने की उम्मीद नजर नहीं आ रही है। राजधानी लखनऊ का तापमान लगभग 42 डिग्री सेल्सियस है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार काे प्रदेश के दस जिलों के लू और प्रचंड गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा लगभग दो दर्जन अन्य जिलों के लिए अतिशय तपिश की चेतावनी दी है। कई जिलों में रात का तापमान भी सामान्य से अधिक बने रहने की संभावना जतायी है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले तीन चार दिनों तक पूर्वी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश में भीषण लू चलने की संभावना है। प्रदेश में शुक्रवार से अगले छह दिन तक हीटवेव का अलर्ट है। प्रदेश का बांदा जिला सबसे गर्म बना हुआ है। शुक्रवार को यहां का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।
मौसम विभाग ने प्रदेश में 22 से 27 मई तक पूर्वी और पश्चिमी इलाकों में लू चलने की संभावना जताई है । ऐसे जिलों में बांदा, चित्रकूट, जालौन, हमीरपुर, झांसी, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, मेरठ, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर,गाजियाबाद, बागपत, बुलंदशहर,आगरा, अलीगढ़ और आस पास के क्षेत्र शामिल हैं । इसके अलावा कई जिलों में रात में भी लू चलने की संभावना है, इनमें सोनभद्र, कुशीनगर, महाराजगंज, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, लखनऊ, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, मैनपुरी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद एवं आस पास के क्षेत्र शामिल हैं । राजधानी लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी समेत कई बडे़ शहरों में तेज गर्मी के साथ तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
माैसम विभाग ने राजधानी लखनऊ में अगले 10 दिनों तक भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप जारी रहने की संभावना है। मई के अंत (28-30 मई) में मौसम में आंशिक बदलाव आ सकता है। हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है। ऐसे में तापमान में गिरावट आने से राहत मिल सकती है।
मानसून 3-4 दिन में पहुंचेगा केरल
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगर यही गति बनी रही तो अगले तीन से चार दिनों में मौसम के केरल पहुंचने की उम्मीद है। फिलहाल अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में समुद्री परिस्थितियां मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल बनी हुई हैं। मौसम विभाग का कहना है कि यदि मानसून तय समय से पहले केरल पहुंचता है, तो इसका असर पूरे देश के मौसम पर जल्दी दिखाई दे सकता है।
मुख्यमंत्री योगी ने दिये निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में पड रही गर्मी के मद्देनजर अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनसामान्य को हीट स्ट्रोक, निर्जलीकरण और गर्मी से होने वाली अन्य समस्याओं से बचाने के लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियां अलर्ट मोड में रहें और किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।