सदर विधायक के प्रयास से सुलझेगी ट्रैफिक समस्या
सदर विधायक के प्रयास से सुलझेगी ट्रैफिक समस्या
उरई, 28 अगस्त । जाम की समस्या से स्थायी निजात दिलाने की पहल विधायक गौरीशंकर वर्मा द्वारा की गई है। योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान उन्होंने उरई विधानसभा क्षेत्र की कुछ बड़ी समस्या उनके सामने रखी थी जिस पर मुख्यमंत्री ने कार्य योजना मांगी थी। विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कार्य योजना बनाकर लोकनिर्माण विभाग को भेज दी है जिसमें दो बड़े पुल शामिल हैं। रानियां रेलवे क्राॅसिंग की अनुमानित लागत जहां 35.92 करोड़ है, वहीं नून नदी पर सेतु जलालपुर चिरगुवां मार्ग की अनुमानित लागत 15.40 करोड़ है। इन दोनों पुलों की स्वीकृति लगभग हो चुकी है। इसके अलावा 7 छोटे पुलों का भी निर्माण भी संभावित है। इनकी भी शासन से स्वीकृति होने वाली है, इनमें तीन शहर में व चार ग्रामीण क्षेत्र में है । सबसे महत्वपूर्ण पुल दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर बाला है यहां जाम की समस्या काफी बड़ी है। यहां पुल से साथ सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव मंजूर हुआ है । इसके अलावा राम नगर में मोक्ष धाम के सामने छोटे पुल का निर्माण अत्यंत आवश्यक था क्योंकि पुलिया छोटी होने के कारण बारिश के पानी का निकास नहीं हो पाता था जिससे स्थानीय बस्ती में जलभराव की समस्या बनी रहती है। पुल के निर्माण से जल भराव से निजात मिलेगी। पिया निरंजनपुर संपर्क मार्ग पर छोटे पुल के निर्माण की मंजूरी लगभग हो चुकी है। इसी तरह मलूपूरा,मुहम्मदाबाद,रंगोली,एवं बरहा धनतौली मार्ग पर पुलों का निर्माण जल्द होगा। विधायक गौरीशंकर वर्मा ने बताया कि जेल रोड पर पुल का निर्माण आवश्यक था। यहां आए दिन जाम की समस्या से शहर के लोग जूझ रहे थे। पुल के साथ सड़क के चौड़ीकरण का कार्य भी होगा । उन्होंने बताया कि सुहाग महल कोंच रोड के पुल का निर्माण पूर्ण होने को है। यहां भी पुल के साथ सड़क चौड़ी कराई गई है । उन्होंने बताया कि अन्य स्थानों पर भी पुलों का निर्माण जरूरी था। रानियां रेलवे क्राॅसिंग पर हर घंटे ट्रेन आने के कारण जाम की समस्या बनी रहती है । शहर के लोगों को शीघ्र जाम से छुटकारा मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भी पुल से साथ चौड़ी सड़क देखने को मिलेगी ।