बंद मकान की छत से घुसे चोर, लाखों के जेवर-नकदी पार
बंद मकान की छत से घुसे चोर, लाखों के जेवर-नकदी पार
मीरजापुर, 02 मई। विंध्याचल थाना क्षेत्र के बड़े बगीचा गांव स्थित एक कॉलोनी में बंद मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने छत के रास्ते अंदर घुसकर लाखों रुपये के जेवर व नकदी पार कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
पीड़िता करिश्मा पांडेय ने बताया कि पति की मृत्यु के बाद वह इन दिनों अपने मायके पुरानी वीआईपी मार्ग स्थित घर पर रह रही हैं, जबकि कॉलोनी वाले मकान पर उनका आना-जाना लगा रहता है। गुरुवार को जब वह मकान पर आई थीं, तब सब कुछ सामान्य था।
शनिवार शाम जब वह दोबारा मकान पहुंचीं तो अंदर से ताला बंद मिला। छत के रास्ते अंदर प्रवेश कर देखा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखे जेवरात व नकदी गायब थे। पीड़िता के अनुसार नथिया, अंगूठी सहित नकदी चोरी हो गई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। थाना अध्यक्ष अविनाश राय ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी मिली है और मामले की जांच की जा रही है।