देव दीपावली को जगमग हुआ विश्व प्रसिद्ध संगम
देव दीपावली को जगमग हुआ विश्व प्रसिद्ध संगम
प्रयागराज, 05 नवंबर । देव दीपावली पर्व के मौके पर बुधवार की शाम विश्व प्रसिद्ध प्रयागराज के त्रिवेणी के घाट दीपों के प्रकाश से जगमग हो उठे। इस मौके पर प्रयागराज के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य प्रमुख नेता भी संगम घाट पर पहुंचे।
सनातन के सबसे महत्वपूर्ण पर्व देव दीपावली के मौके पर संगम में पतित पावनी मां गंगा एवं यमुना के घाट पर दीपोत्सव कार्यक्रम को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा सहित सभी पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और मां गंगा के घाट को दीपों से सजा दिया।
इस दौरान घाटों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल एवं सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जाती रही। इस मनोरम दृश्य को देखने एवं दीप जलाने के लिए मां गंगा के भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि पतित पावनी मां गंगा के घाट को जगमग करने के लिए 5.30 लाख दीप जलाए जाने की तैयारी की गई है।