विश्व मंच पर गूंजेगी पहाड़ की आवाज
विश्व मंच पर गूंजेगी पहाड़ की आवाज
चंपावत, 17 फ़रवरी । सीमांत जनपद चंपावत के देवीधुरा क्षेत्र के दूरस्थ गांव पीपलढींग से एक प्रेरणादायक उपलब्धि सामने आई है। पाटी विकासखंड के निवासी युवा गायक बची राम का चयन अंतरराष्ट्रीय सिंगिंग रियलिटी शो यूनिवर्सल आइडल के लिए हुआ है। उनकी इस सफलता से पूरे क्षेत्र में उत्साह और गर्व का माहौल है।
प्रतियोगिता में लगभग 20 देशों के 50 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया था। इनमें से भारत से चयनित मात्र 20 प्रतिभागियों में चंपावत के बची राम ने अपनी जगह बनाई है। सीमित संसाधनों वाले पहाड़ी गांव से निकलकर वैश्विक मंच तक पहुंचना उनकी प्रतिभा, निरंतर अभ्यास और अटूट आत्मविश्वास का परिणाम है।
आयोजकों के अनुसार अब तक 18 देशों में ऑडिशन प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, जबकि दो देशों में चयन शेष है। इसके उपरांत प्रतियोगिता का मुख्य चरण दुबई में आयोजित किया जाएगा और ग्रैंड फिनाले लंदन में होगा, जहां बची राम अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी गायकी का प्रदर्शन करेंगे।
इस उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। सांसद अजय टम्टा ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बची राम ने चंपावत ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड और देश का नाम रोशन किया है।
उल्लेखनीय है कि बची राम वर्तमान में आजीविका के लिए दिल्ली के एक होटल में कार्यरत हैं और कठिन परिस्थितियों के बावजूद संगीत साधना जारी रखे हुए हैं। छोटे से गांव से विश्व मंच तक की यह यात्रा संघर्ष, समर्पण और सपनों को साकार करने की जीवंत मिसाल बनकर उभरी है।