लोकतंत्र को मजबूत करने सड़कों पर गूंजा मतदान संदेश

लोकतंत्र को मजबूत करने सड़कों पर गूंजा मतदान संदेश

लोकतंत्र को मजबूत करने सड़कों पर गूंजा मतदान संदेश

मीरजापुर, 25 जनवरी। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली राजकीय इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः कॉलेज परिसर में संपन्न हुई। रैली का उद्देश्य आमजन को मतदान के प्रति जागरूक करना और लोकतंत्र में मताधिकार की अहम भूमिका से रूबरू कराना रहा।

रैली में अपर जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर गुलाब चंद्र, तहसीलदार सदर विशाल शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक, नायब तहसीलदार मझवा नागिना सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। अधिकारियों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों से निर्भीक होकर मतदान करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

अधिकारियों ने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य भी है। शत-प्रतिशत मतदान से ही मजबूत और जवाबदेह सरकार का गठन संभव है। रैली के दौरान मतदाताओं को मतदान की प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और मतदाता पहचान पत्र की उपयोगिता की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंत में नए मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र वितरित किए गए और उन्हें आगामी चुनावों में अनिवार्य रूप से मतदान करने की शपथ दिलाई गई। आयोजन में छात्र-छात्राओं व स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।