काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी समापन समारोह में भव्य तिरंगा यात्रा ने भरा देशभक्ति का जोश

काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी समापन समारोह में भव्य तिरंगा यात्रा ने भरा देशभक्ति का जोश

काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी समापन समारोह में भव्य तिरंगा यात्रा ने भरा देशभक्ति का जोश

उरई, 8 अगस्त । उत्तर प्रदेश के जालाैन जिला मुख्यालय उरई में काकोरी ट्रेन एक्शन की शताब्दी समापन समारोह के अंतर्गत शुक्रवार को एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। हजारों लोगों ने देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का प्रदर्शन किया। यह ऐतिहासिक रैली पुलिस लाइन से शुरू होकर जिला परिषद, अम्बेडकर चौराहा और मच्छर चौराहा होते हुए टाउन हॉल तक पहुँची, जहाँ इसका समापन समारोहपूर्वक किया गया।

इस यात्रा में जिलाधिकारी राजेश पांडे, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार सहित कई गणमान्य नागरिकों, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोगों ने तिरंगे को हाथों में थामकर और "भारत माता की जय", "वंदे मातरम" जैसे नारे लगाकर देशप्रेम का जज्बा दिखाया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडे ने कहा कि आज का दिन काकोरी ट्रेन एक्शन (1925) में शहीद हुए क्रांतिकारियों–रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खाँ, रोशन सिंह और राजेंद्र लाहिड़ी के बलिदान को याद करने का है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा न केवल उन वीरों को श्रद्धांजलि है, बल्कि युवाओं को देशभक्ति की प्रेरणा देने का भी एक माध्यम है।

उरई नगर के टाउन हॉल पहुँचने पर एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत और नाटक प्रस्तुत किए। इसके अलावा, स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें काकोरी कांड से संबंधित दुर्लभ तस्वीरें और दस्तावेज़ प्रदर्शित किए गए।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों, विशेषकर युवाओं ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए काम करने की शपथ ली। पुलिस अधीक्षक ने इस तरह के आयोजनों को समाज में देशभक्ति की भावना जगाने के लिए अहम बताया।