11 फरवरी से शुरू होगा पांच दिवसीय 25वां भारत रंग महोत्सव : सुदेश शर्मा
11 फरवरी से शुरू होगा पांच दिवसीय 25वां भारत रंग महोत्सव : सुदेश शर्मा
प्रयागराज, 09 फ़रवरी। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अधीन स्वायत्त संस्था राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय विद्यालय (एनएस डी) के 25वें भारत रंग महोत्सव के पांच दिवसीय प्रयागराज अध्याय 11 फरवरी से शुरू होगा। प्रयागराज में पहली बार यह महोत्सव उत्तर मध्य सांस्कृतिक केंद्र (एनसीजेडसीसी) आडिटोरियम में भारत रंग महोत्सव (बीआरएम) 2026 के प्रयागराज अध्याय का आयोजन करेगा। यह महोत्सव एनसीजेडसीसी प्रयागराज के सहयोग से किया जा रहा है।
यह जानकारी सोमवार को मीडिया से वार्ता करते हुए एनसीजेडसीसी प्रयागराज के निदेशक सुदेश शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि बीआरएम 2026 प्रयागराज में भारतीय तथा अन्तर्राष्ट्रीय प्रस्तुतियों की विविध श्रृंखला देखने को मिलेगी, जो महोत्सव की मूल भावना संवाद संस्कृतियों को प्रतिबिंबित करती है। प्रयागराज अध्याय का उद्घाटन 11 फरवरी को हिंदी नाटक दीक्षा से होगा, जिसे नरेंद्र कोहली ने लिखा है।जिसे आलोक चटर्जी ने निर्देशित किया है। इसे दर्पण गोरखपुर द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। यह प्रस्तुति एनएसडी के पूर्व छात्र आलोक चटर्जी को श्रद्धांजलि स्वरूप है, जिन्होंने अभिनेता, डिजाइनर, निर्देशक और शिक्षाविद के रूप में रंगमंच में उल्लेखनीय योगदान दिया।
प्रयागराज रंगप्रेमियों के लिए अपने संदेश में एनएसडी निदेशक चित्तरंजन त्रिपाठी ने कहा नंदियों के संगम के लिए प्रसिद्ध पवित्र संगम नगरी प्रयागराज स्वयं में हर कलाकार के लिए प्रेरणा है। भारत रंग महोत्सव 2026 संस्कृतियों के संगम का निर्माण करना चाहता है, जहां रंगमंच की आत्मा भाषा, भुगोल और शैली की सीमाओं सहित सामाजिक-सांस्कृतिक बाधाओं से ऊपर उठती है। हमें आशा है कि प्रयागराज के लोग अपनी उपस्थिति से इस महोत्सव को और भी ऐतिहासिक बनाएंगे। 12 फरवरी को कोलकाता की बंगाल अर्घ्य द्वारा प्रस्तुत बंगाली नाटक विन्सेंट एर मृत्यु (लेखन व निर्देशन: मनीष मित्रा) मंचित होगा।
उन्होंने बताया कि 13 फरवरी को बिहार के बेगूसराय स्थित द फैक्ट आर्ट एंड कल्चरल सोसाइटी द्वारा प्रस्तुत हिन्दी नाटक 'कथा' (लेखन सुधांशु फिरदौस, निर्देशन प्रवीन कुमार गुंजन) दिखाया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय प्रस्तुति 14 फरवरी को होगी। विश्व प्रसिद्ध माघ मेले के समापन महाशिवरात्रि को प्रयागराज अध्याय का समापन हिंदी नाटक जोगिया राग से होगा। जोगिया राग का लेखन विजय पंडित, निर्देशन प्रो. देवेंद्र राज अंकुर, जिसे मुंबई की अनुष्ठान सांस्कृतिक संस्थान प्रस्तुत करेगी, के साथ होगा। इसके बाद समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। सभी प्रस्तुतिया शाम 6:30 बजे से आरंभ होंगी।
भारत रंग महोत्सव का 25 वां संस्करण 27 जनवरी से 20 फरवरी तक कुल 25 दिनों तक चलेगा। यह कार्यक्रम में 288 भारतीय एवं अंतर्राष्ट्रीय 277 से अधिक प्रस्तुतियां होंगी। इस महोत्सव में कुल नौ देशों की सहभागिता है। भारत के प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश रंगमंडल भाग ले रहें हैं।