बेटी की डोली उठने से पहले पिता की उठी अर्थी

शादी की खुशियाँ मातम में तब्दील



--

हमीरपुर, 24 नवम्बर   उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर कस्बे के बस स्टाप निवासी तहसील के चतुर्थ श्रेणी कर्मी ने सोमवार को मानसिक तनाव के चलते सुबह घर के कमरे के अंदर छत के कुंडे के सहारे फांसी लगा ली। उपचार को ले जाते समय उसकी मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक की बेटी की आगामी 3 दिसम्बर को शादी है।

कस्बे के बस स्टाप के निवासी रामशरण सोनकर 56 वर्ष तहसील में चतुर्थ श्रेणी कर्मी थे। उनकी पुत्री काजल की शादी आगामी 3 दिसम्बर को है। बारात बांदा शहर से आनी थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों से साथ जारी थी। इनकी पत्नी कमलादेवी मायके शादी में शामिल होने रविवार को कानपुर गई थी। घर पर बेटी काजल ही मौजूद थी। सुबह इन्होंने पुत्री से कहा कि खाना बनाओ तहसील जाना है। पुत्री के खाना बनाने में मशगूल हो जाने पर इन्होंने कमरे के छत पर लगे कुंडे के सहारे फांसी लगा ली। खाना तैयार होने के बाद जब पुत्री पिता को बुलाने कमरे में पहुंची तो नजारा देखकर दंग रह गई। पुत्री के शोर मचाने पर बगल में रहने वाले बड़े भाई आदि लोग भाग कर पहुंचे और कुंडे से उतारकर सदर अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल में डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गई है।

थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच कराई जा रही है।