व्यक्ति निर्माण से संगठन और संगठन से राष्ट्र निर्माण की अवधारणा साकार होगी: अमरनाथ यादव
-प्रशिक्षण से कर्तव्य बोध, सामाजिक समरसता एवं संगठन से सेवा भाव सीखने का माध्यम: राजेश शुक्ल -पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान यमुनापार जिला योजना कार्यशाला
प्रयागराज, 17 फरवरी । पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत यमुनापार जिला योजना कार्यशाला का शुभारम्भ मंगलवार को प्रयाग इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, वेंदो करछना में हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी यमुनापार अमरनाथ यादव एवं जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने किया।मुख्य अतिथि अमरनाथ यादव ने कहा कि पार्टी की रीति-नीति को आत्मसात कर धैर्य, विनम्रता और प्रभावी संवाद के माध्यम से समाज सेवा का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने बताया कि व्यक्ति निर्माण से संगठन निर्माण और संगठन से राष्ट्र निर्माण की अवधारणा को साकार करने के लिए संवाद एवं अनुभव आधारित प्रशिक्षण आवश्यक है। कार्यशाला में पार्टी के इतिहास, विकास यात्रा, सक्षम एवं योग्य कार्यकर्ता निर्माण तथा समाज के प्रति संवेदनशीलता और दायित्वबोध पर विस्तार से चर्चा की गई।द्वितीय सत्र में आईटी प्रमुख सतीश विश्वकर्मा ने पीपीटी के माध्यम से डिजिटल नवाचार, संवाद आधारित प्रशिक्षण पद्धति और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से संगठनात्मक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।समापन सत्र में अमरनाथ यादव ने ‘पंच परिवर्तन’ के तहत सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी भाव जागरण-आत्मनिर्भरता, कुटुम्ब प्रबोधन और नागरिक कर्तव्य जैसे विषयों पर प्रकाश डाला। साथ ही संघ के शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों की रूपरेखा से भी अवगत कराया। जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने कहा कि कार्यकर्ता निर्माण के साथ कर्तव्य आधारित सामाजिक समरसता और संगठन के माध्यम से सेवा भाव सीखने-जानने का माध्यम है प्रशिक्षण। प्रशिक्षण के माध्यम व कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व कृतित्व में गुणवत्ता लाना उद्देश्य है। अंत में जिलाध्यक्ष ने सभी का आभार व्यक्त किया। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि कार्यशाला के दौरान यमुनापार की चार विधानसभा एवं 20 मंडलों की भी अलग-अलग बैठकें आयोजित हुई। जिसमें आगामी 7 मार्च से 13 अप्रैल के मध्य चौबीस घंटे की प्रशिक्षण कार्यशालाएं सात सत्रों में आयोजित की जाएंगी। कार्यशाला का संचालन जिला संयोजक राजेश्वरी तिवारी ने किया। स्वागत सह-संयोजक नरेश सोनकर एवं जिला महामंत्री पुष्पराज सिंह पटेल ने किया। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद प्रजापति, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी योगेश शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष ज्ञान सिंह पटेल, अजीत प्रताप सिंह, जय सिंह पटेल, संतोष त्रिपाठी, प्रकाश शुक्ल, कमलेश त्रिपाठी, राजेश धनगर, कमलेश दुबे, इन्द्रनाथ मिश्रा सहित प्रदेश, क्षेत्र, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ प्रतिनिधि, नगर पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख तथा सहकारी संघ व बैंक अध्यक्ष उपस्थित रहे।