राज्य मंत्री ने सड़क निर्माण कार्य का किया शिलान्यास
राज्य मंत्री ने सड़क निर्माण कार्य का किया शिलान्यास
वाराणसी, 20 जून । जिले में सुसुवाही स्थित विवेकानंद नगर कॉलोनी में शनिवार को राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने त्वरित आर्थिक विकास योजना वर्ष 2025-26 के अंतर्गत स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। रोहनिया विधानसभा के अंतर्गत आने वाले कर्दमेश्वर मण्डल की विवेकानंद कॉलोनी में शिलान्यास के अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में इस योजना के तहत विवेकानंद नगर कॉलोनी में लगभग 5.31 लाख की लागत से 101.7 मीटर सड़क का निर्माण कराया जाएगा। जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा प्राप्त होगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
राज्य मंत्री हंसराज ने आगे कहा कि वाराणसी के कोने-कोने में विकास कार्य हो रहा है। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में विकास कार्य में कोई बाधा नहीं है। यहां की जनता की मांग पर विकास कार्यों को तेजी से कराया जा रहा है। शिलान्यास होने के कुछ ही समय के भीतर लोकार्पण भी हो रहा है।