जिलाधिकारी ने धान क्रय केंद्र व सहकारी समिति का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी ने धान क्रय केंद्र व सहकारी समिति का किया निरीक्षण
औरैया, 13 नवम्बर । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने गुरुवार को मंडी समिति दिबियापुर स्थित आरएफसी के संचालित धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पर मौजूद व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए जरूरी निर्देश दिए ।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाजरा क्रय का भी अवलोकन किया और भीखापुरवा निवासी किसान महेश चंद्र की उपज की तौल देखी। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक कांटे की विश्वसनीयता की जांची। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने हरचन्द्रपुर स्थित बी पैक्स समिति लिमिटेड में खाद की उपलब्धता जानी। भवन के जर्जर होने पर उन्होंने मौके पर उपस्थित ब्लॉक प्रमुख अछल्दा शरद राना से वार्ता की, जिन्होंने भवन को शीघ्र दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी ने पुलिस चौकी और सहकारी संघ पूर्ति भंडार के भवनों की स्थिति भी देखी और उन्हें सुधारने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी बृजेश यादव, एआर कोऑपरेटिव संजीव कुमार गौतम, पुलिस चौकी प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।