मुख्यमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि की जयन्ती पर प्रदेशवासियों को बधाई दी

मुख्यमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि की जयन्ती पर प्रदेशवासियों को बधाई दी

मुख्यमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि की जयन्ती पर प्रदेशवासियों को बधाई दी

लखनऊ, 06 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आदिकवि महर्षि वाल्मीकि की जयन्ती पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। सोमवार को यहां जारी एक बधाई संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिकवि महर्षि वाल्मीकि ने ’रामायण’ के माध्यम से मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम से जन-जन का साक्षात्कार कराया। ’रामायण’ के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि ने समाज के सम्मुख जीवन के सर्वोत्कृष्ट मूल्यों एवं आदर्शों को प्रस्तुत किया। उनकी जयन्ती का यह अवसर हमें यह सिखाता है कि जीवन में कोई भी व्यक्ति धर्म और अध्यात्म के मार्ग पर चलकर महानता को प्राप्त कर सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों से प्रेरणा लेकर जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। महर्षि वाल्मीकि की महानता से वर्तमान और भावी पीढ़ी को परिचित कराने के लिए सतत् प्रयासरत है। इस क्रम में लालापुर, जनपद चित्रकूट में उनकी तपोस्थली के सौंदर्यीकरण तथा अयोध्याधाम में महर्षि वाल्मीकि अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की स्थापना जैसे अनेक प्रयास किए गए हैं। आदिकवि की जयन्ती के अवसर पर प्रदेश में मन्दिरों/देवस्थानों पर रामायण पाठ आदि का आयोजन किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पुण्य अवसर पूरे प्रदेश में शान्ति और सामाजिक सौहार्द को चिरस्थायी बनाने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों के लिए सुख और समृद्धि की कामना की है।