गंगा एक्सप्रेसवे विस्तार की मांग के समर्थन में व्यापारी परिषद ने की भूखहड़ताल

गंगा एक्सप्रेसवे विस्तार की मांग के समर्थन में व्यापारी परिषद ने की भूखहड़ताल

बिजनौर, ७ अक्टूबर। गंगा एक्सप्रेस-वे को बिजनौर जिले से जोड़ने की मांग को लेकर मंगलवार को व्यापारी एकता परिषद के सदस्यों ने मंगलवार काे कलेक्ट्रेट में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। संगठन के सात पदाधिकारी एक दिन की भूख हड़ताल पर बैठे। उनकी मुख्य मांग है कि एक्सप्रेस-वे का विस्तार बिजनौर से हरिद्वार तक किया जाए, जिससे जिले का सर्वांगीण विकास हो सके।

व्यापारी एकता परिषद के तत्वावधान में आयोजित इस अनशन में प्रदेश अध्यक्ष राहुल वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष शमशाद अहमद अंसारी, जिलाध्यक्ष मानव शर्मा, जिला मंत्री हितेंद्र खरबंदा, जिला उपाध्यक्ष राजीव कुमार, नईम अहमद अंसारी और नगर अध्यक्ष मुस्तकीम अहमद शामिल थे।

पदाधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व में घोषणा की थी कि प्रयागराज से मेरठ तक बन रहे गंगा एक्सप्रेस-वे को बिजनौर से हरिद्वार तक जोड़ा जाएगा। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि एक्सप्रेस-वे का विस्तार अमरोहा के तिगरी घाट से होते हुए बिजनौर के विदुर कुटी बैराज, बालावाली, नांगल सोती से हरिद्वार तक किया जाए।

संगठन का मानना है कि इस विस्तार से बिजनौर में किसानों, व्यापारियों, मजदूरों और अन्य सभी वर्गों का विकास सुनिश्चित होगा। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे आगे भी अनशन और प्रदर्शन जारी रखेंगे। इसके बाद भी बात न बनने पर जिले के अन्य संगठनों के साथ लखनऊ कूच किया जाएगा।

इस मौके पर नगर कल्याण समिति बिजनौर की और से मीना बख्शी, राजुल त्यागी, अनिता चौधरी, सुमन चौधरी समेत अन्य लाेग माैजूद रहे। -------------------