पांच महाविद्यालयों के शिक्षकों ने वेतन न मिलने पर सम सेमेस्टर परीक्षाओं का किया बहिष्कार
पांच महाविद्यालयों के शिक्षकों ने वेतन न मिलने पर सम सेमेस्टर परीक्षाओं का किया बहिष्कार
प्रयागराज, 27 मई। कुलभास्कर आश्रम स्नातकोत्तर महाविद्यालय शिक्षक संघ एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ ने बुधवार को अप्रैल माह के वेतन का भुगतान न किए जाने के विरोध में प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय की सम-सेमेस्टर परीक्षाओं का पूर्ण बहिष्कार किया। प्रारम्भ में शिक्षकों व कर्मचारियों ने महाविद्यालय परिसर में एकत्र होकर अपना आक्रोश प्रकट किया और उसके बाद सामूहिक रूप से उच्च शिक्षा निदेशालय, उप्र., प्रयागराज कार्यालय पर एकत्रित होकर आंदोलनरत रहे।
प्रयागराज जनपद के अनुदानित महाविद्यालयों कुलभास्कर आश्रम पीजी कॉलेज, महिला सेवा सदन डिग्री कॉलेज, प्रयाग महिला विद्यापीठ, लाला लक्ष्मी नारायण डिग्री कॉलेज तथा हंडिया पीजी कॉलेज के शिक्षक एवं कर्मचारियों के वेतन भुगतान में हो रहे विलम्ब के सम्बंध में शिक्षक संघ एवं कर्मचारी प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त शिक्षा निदेशक प्रोफेसर शशि कपूर, सहायक निदेशक उच्च शिक्षा प्रोफेसर एस.के. पाण्डेय तथा वित्त अधिकारी अजीत कुमार सिंह से भेंट कर विस्तृत वार्ता की।
इस दौरान क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी अनुपस्थित मिलीं। उनकी अनुपस्थिति की अवधि एवं अवकाश की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। शिक्षक संघ की ओर से अवगत कराया गया कि क्षेत्रीय स्तर पर व्याप्त निष्क्रियता एवं प्रशासनिक उदासीनता के कारण लगभग दो माह का समय व्यतीत होने के बावजूद अभी तक उक्त पांच महाविद्यालयों के लगभग 200 से अधिक शिक्षक एवं कर्मचारी वेतन से वंचित हैं तथा आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि शिक्षकों एवं कर्मचारियों को लगातार वेतन न मिलने के कारण पारिवारिक, सामाजिक एवं आर्थिक स्तर पर गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों के साथ हुई वार्ता में सभी ने सहयोग एवं समस्या के समाधान हेतु सकारात्मक आश्वासन दिया, किंतु समस्या का समाधान कब तक होगा, इस विषय में कोई स्पष्ट समय सीमा निर्धारित नहीं हो सकी।
शिक्षक संघ ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि इस विषय में जिलाधिकारी से भी वार्ता की जाएगी तथा समस्या का शीघ्र समाधान न होने की स्थिति में महाविद्यालयीय कार्यों के साथ-साथ विश्वविद्यालय परीक्षाओं एवं अन्य परीक्षाओं में असहयोग किया जाएगा। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि यदि आगामी सप्ताह तक समस्या का समाधान नहीं हुआ तो इस प्रकरण को लेकर चरणबद्ध आंदोलन, धरना-प्रदर्शन एवं आगे की रणनीति निर्धारित की जाएगी।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रोफेसर पवन कुमार पचौरी, महामंत्री प्रोफेसर बिपिन कुमार, जिलाध्यक्ष प्रोफेसर रामलखन पाल, कुलभास्कर आश्रम स्नातकोत्तर महाविद्यालय अध्यक्ष प्रोफेसर धर्मेन्द्र सिंह, महामंत्री प्रोफेसर प्रमोद यादव तथा उपाध्यक्ष प्रोफेसर अनुराग त्रिपाठी ने अपने विचार प्रमुखता से रखते हुए समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की तथा स्पष्ट किया कि शिक्षकों एवं कर्मचारियों के हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।