टीएमयू देश के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में से एक : जेपी नड्डा
टीएमयू के दीक्षांत में 6041 विद्यार्थियों को उपाधि, 311 मेधावी छात्र सम्मानित
मुरादाबाद, 14 मार्च । तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय (टीएमयू)) ने देशभर के सामने शिक्षा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। यह देश के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में से एक है। यह यूनिवर्सिटी देश के विकास में बड़ी भूमिका निभा रहा है। इसका कारण यह है कि यहां शिक्षा के साथ छात्रों में सामाजिक दायित्वबोध की भावना और नेतृत्व क्षमता भी विकसित की जाती है। यह बातें शनिवार को तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय मुरादाबाद के दीक्षांत समारोह-2026 को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा ने कही।
टीएमयू के दीक्षांत समारोह-2026 में शनिवार को 6041 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की गई, जबकि 311 मेधावियों को पदक प्रदान किए गए, जिनमें 108 स्वर्ण पदक, 105 रजत पदक और 98 कांस्य पदक शामिल रहे। इसमें शैक्षणिक सत्र 2023-24 और 2024-25 के विद्यार्थियों को सम्मिलित करते हुए 36 शोधार्थियों को पीएचडी, 1364 विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर, 4411 विद्यार्थियों को स्नातक तथा 230 विद्यार्थियों को डिप्लोमा की उपाधि प्रदान की गई।
टीएमयू के दीक्षांत समारोह-2026 में विश्वविद्यालय की ओर से केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को डॉक्टर ऑफ लेटर्स की मानद उपाधि प्रदान की गई।
वहीं पद्मश्री मालनी अवस्थी को भारतीय लोक एवं उपशास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपराओं के संरक्षण, संवर्धन और व्यापक प्रसार के प्रति उनके असाधारण समर्पण के सम्मान में यह मानद उपाधि दी गई।
युवाओं के उत्थान को प्रतिबद्ध है योगी सरकार : ब्रजेश पाठक
टीएमयू के दीक्षांत समारोह कार्यक्रम में अति विशिष्ट उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि दीक्षांत समारोह भी छात्र के जीवन के सबसे महत्वपूर्ण क्षणों में से एक है। यह एक दिन की बात नहीं, बल्कि डेढ़ दशक से अधिक समय तक निरंतर की गई अथक मेहनत का परिणाम होता है।
ज्ञान अर्जन के अर्थ को समझें युवा : सुरेश खन्ना
मुरादाबाद। टीएमयू के दीक्षांत समारोह में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि दीक्षांत की परंपरा नई नहीं है। हजारों वर्षों से यह व्यवस्था चली आ रही है, क्योंकि दीक्षित होने के बाद स्नातक के जीवन में सामाजिक दायित्वों का समावेश होता है।
टीएमयू के कुलाधिपति सुरेश जैन ने कहा कि जो लोग चलने का फैसला कर लेते हैं, उनके लिए खुद रास्ते निकल आते हैं, इसलिए अगर सफल होना है तो पहले चलना शुरू करना होगा। बहुत से लोग डर के चलते कभी सफर शुरू ही नहीं करते और वहीं रह जाते हैं।
दीक्षांत समारोह के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार में माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी, राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, टीएमयू के कुलाधिपति सुरेश जैन, ग्रुप वाइस चेयरमैन मनीष जैन, टीएमयू परिवार के सदस्य अमित जैन, कार्यकारी निदेशक अक्षत जैन, टीएमयू के पूर्व कुलाध्यक्ष व वरिष्ठ समाजसेवी एवं शिक्षाविद् डॉ. अरविंद कुमार गोयल, टीएमयू के कुलपति प्रो. वीके जैन, महापौर विनोद अग्रवाल जी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह, एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, एमएलसी सत्यपाल सिंह सैनी, नगर विधायक रितेश गुप्ता, कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह जी, विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. प्रदीप अग्रवाल, ज्वाइंट रजिस्ट्रार वैभव रस्तोगी, मीडिया प्रभारी एमपी सिंह, वीना जैन, ऋचा जैन, जाह्नवी जैन और नंदनी जैन आदि की उल्लेखनीय मौजूदगी रही।