गंगोत्री देवी महिला महाविद्यालय में युवा महोत्सव में छात्राओं ने दिखाया हुनर
गंगोत्री देवी महिला महाविद्यालय में युवा महोत्सव में छात्राओं ने दिखाया हुनर
गोरखपुर, 13 फ़रवरी । गंगोत्री देवी महिला महाविद्यालय, गोरखपुर में आयोजित त्रिदिवसीय “युवा महोत्सव–2026” के द्वितीय दिवस आज विभिन्न प्रकार की प्रतियाेगिताएं हुईं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि युवा चेतना समिति के अध्यक्ष मान्धाता सिंह रहे।
प्रतियोगिताओं के निर्णायक तुलसीदास इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अर्जुन मिश्र, अशोक मिश्र, बालेंदु शुक्ल व दिनेश पाठक रहे। द्वितीय दिवस की प्रमुख आकर्षण रही वाद-विवाद प्रतियोगिता, जिसका विषय “क्या भारत में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ लोकतंत्र को मजबूत करेगा?” था। छात्राओं ने पक्ष और विपक्ष में तथ्यपूर्ण, संतुलित और प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत किए। इसका संचालन डॉ० आभा गुप्ता, डॉ० संगीता पाण्डेय एवं डॉ० सुषमा मिश्रा के निर्देशन में हुआ।
रंगोली प्रतियोगिता ने परिसर को रंगों की अद्भुत छटा से सजा दिया। इस कार्यक्रम में नर्सिंग कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रकाश सिंह चौधरी व निर्णायक अतिथि कीर्ति अग्रवाल के नेतृत्व में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं की सूक्ष्म कलात्मकता और धैर्य का मनोहारी संगम देखने को मिला।
पोस्टर प्रतियोगिता व हस्तकला प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी नवाचार क्षमता का परिचय दिया। इन प्रतियोगिताओं का संयोजन डॉ० कुमुद त्रिपाठी, डॉ० रेनू गौड़,श्रीमती मधु भट्ट एवं सुश्री तृप्ति सिंह ने कुशलतापूर्वक किया। महाविद्यालय की संरक्षिका रीना त्रिपाठी ने कहा कि यह आयोजन शिक्षा, संस्कार और आधुनिक दृष्टिकोण के संतुलित समन्वय का जीवंत उदाहरण है, जो छात्राओं को भविष्य का सक्षम नेतृत्वकर्ता बनने की प्रेरणा देता है।