स्वस्थ रहिए, स्वच्छ रहिए, तिरंगे झंडे और देश से प्रेम कीजिए: आनंदीबेन पटेल
- राज्यपाल ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर राजभवन में ध्वजारोहण किया
लखनऊ,15 अगस्त प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजभवन, लखनऊ में ध्वजारोहण किया तथा सलामी ली। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने राजभवन में कार्यरत सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षा बलों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा “स्वस्थ रहिए, स्वच्छ रहिए, तिरंगे झंडे और देश से प्रेम कीजिए, कंधे से कंधा मिलाकर देश के लिए कार्य कीजिए, यही आपके जीवन का उद्देश्य होना चाहिए।“
राज्यपाल ने कहा कि राजभवन में कार्यरत लोगों में अद्भुत प्रतिभा है, जो तभी सामने आती है जब उन्हें मंच मिलता है। उन्होंने कहा कि जिनके पास भी विशेष कला या कौशल है, वे राजभवन के बच्चों को उसे सिखाने के लिए आगे आएँ। सभी से सप्ताह में एक दिन मोबाइल का उपयोग न करने का संकल्प लेने को कहा, ताकि स्वास्थ्य पर मोबाइल के दुष्प्रभावों को कम किया जा सके।
राज्यपाल ने कहा कि जीवन का उद्देश्य स्वस्थ रहना होना चाहिए। उन्होंने बताया कि राजभवन में कर्मचारियों के स्वास्थ्य की दृष्टि से बीएमआई परीक्षण कराया गया है तथा अब घुटनों और पेट से संबंधित समस्याओं का निदान भी किया जायेगा। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि प्रसिद्ध काइनेसियोलॉजिस्ट और आलयम रिहैब केयर के संस्थापक डॉ. दीपेन पटेल के निर्देशन में राजभवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का घुटने और पेट का उपचार किया जाएगा।
राज्यपाल ने कल आयोजित सांस्कृतिक संध्या की सराहना करते हुए कहा कि पूरा कार्यक्रम प्रभावी, प्रेरणादायक और आत्मसात करने योग्य था। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. सुष्मिता झा तथा भारत सरकार के संस्कृति विभाग के संयुक्त सचिव डॉ. रत्नेश के ‘श्रीराम विवाह’ पर किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की प्रशंसा की और कहा कि इस कला को राजभवन के बच्चों को भी सिखाया जाए, ताकि उनके कौशल को और निखारा जा सके।
15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यपाल ने सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा उत्कृष्ट सेवा के लिए प्रशंसा चिन्ह (सिल्वर) एवं स्क्रोल से सम्मानित किए गए राजभवन के अधिकारियों में पुनीत द्विवेदी, आईपीएस एवं परिसहाय राज्यपाल हरेन्द्र सिंह, मुख्य आरक्षी, जनपद लखनऊ रामप्यारे सिंह मौर्या, मुख्य आरक्षी, जनपद खीरी तथा राम प्रवेश यादव, मुख्य आरक्षी, जनपद लखनऊ शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, राजभवन सुरक्षा में नियुक्ति के दौरान राज्यपाल की प्रेरणा से जनहित में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राज्यपाल द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इनमें निरीक्षक कुलदीप सिंह, उप निरीक्षक जमाल अहमद सिद्दीकी एवं संतोष कुमार, मुख्य आरक्षी सुशील तिवारी, अनिल कुमार शर्मा एवं कामरान अली खॉ. तथा आरक्षी नागेश कृष्ण द्विवेदी शामिल हैं।