सीतापुर दो दिन के लिए 'नो-फ्लाइंग जोन' घोषित
सीतापुर दो दिन के लिए 'नो-फ्लाइंग जोन' घोषित
सीतापुर, 08 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में 9 फरवरी सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी राजा गणपति आर ने जिले को दो दिनों के लिए नो-फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया है। यह आदेश रविवार से प्रभावी होकर सोमवार शाम कार्यक्रम के समापन तक लागू रहेगा।
नो-फ्लाइंग जोन के तहत जिले की सीमा में ड्रोन उड़ाने, गुब्बारे छोड़ने और पतंग उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि प्रतिबंध के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शहर के लोनियनपुरवा अंतर्गत शास्त्री नगर कॉलोनी स्थित तपोधाम आश्रम में आयोजित गोरखनाथ प्रतिमा स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होने 9 फरवरी को आ रहे हैं। कार्यक्रम स्थल घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित होने के कारण सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
शनिवार देर शाम आईजी जोन लखनऊ किरण एस ने स्वयं कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के आगमन के लिए जीआईसी मैदान में हेलीपैड तैयार कराया गया है। यहां से कार्यक्रम स्थल तक करीब दो किलोमीटर लंबा ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया जाएगा, जिससे मुख्यमंत्री का काफिला सुरक्षित रूप से कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सके।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए कार्यक्रम स्थल व अन्य संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है। इसके साथ ही पुलिस ड्रोन से निगरानी, सीसीटीवी कैमरे और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है।
सीओ सिटी विनायक भोसले ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क है और तैयारी भी पूरी कर ली गई हैं।