श्री रामायण यात्रा ट्रेन 30 मार्च को दिल्ली से होगी रवाना

श्री रामायण यात्रा ट्रेन 30 मार्च को दिल्ली से होगी रवाना

श्री रामायण यात्रा ट्रेन 30 मार्च को दिल्ली से होगी रवाना

नई दिल्ली, 10 मार्च। भगवान राम से जुड़े पवित्र स्थलों की यात्रा कराने वाली प्रतिष्ठित ‘श्री रामायण यात्रा’ ट्रेन 30 मार्च को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से शुरू होगी। भारतीय रेलवे और आईआरसीटीसी की ओर से चलाई जा रही यह विशेष भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन 16 रात और 17 दिन की तीर्थ यात्रा पर प्रमुख रामायण स्थलों का भ्रमण कराएगी।

भारतीय रेलवे ने “देखो अपना देश” और “एक भारत श्रेष्ठ भारत” के दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के लिए भारत गौरव पर्यटक ट्रेनों की शुरुआत की है। इसी क्रम में संचालित की जा रही यह रामायण यात्रा श्रद्धालुओं को रामायण से जुड़े प्रमुख स्थलों के दर्शन कराने का अवसर प्रदान करेगी।

यह ट्रेन अयोध्या, नंदीग्राम, सीतामढ़ी, जनकपुर (नेपाल), बक्सर, वाराणसी, प्रयागराज, श्रृंगवेरपुर, चित्रकूट, नासिक, हम्पी और रामेश्वरम जैसे महत्वपूर्ण स्थलों को कवर करेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी और सरयू घाट के दर्शन करेंगे। इसके अलावा वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर और गंगा आरती सहित कई धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस पूर्ण वातानुकूलित ट्रेन में प्रथम एसी, द्वितीय एसी और तृतीय एसी श्रेणी की व्यवस्था होगी और कुल लगभग 150 पर्यटक इसमें यात्रा कर सकेंगे। ट्रेन में दो रेस्टोरेंट, आधुनिक रसोई, शॉवर क्यूबिकल, सेंसर आधारित वॉशरूम, सीसीटीवी कैमरे और प्रत्येक कोच में सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था भी होगी।

यह ट्रेन दिल्ली के अलावा गाजियाबाद, अलीगढ़, टुंडला, इटावा, कानपुर और लखनऊ रेलवे स्टेशनों से भी यात्रियों को चढ़ने और उतरने की सुविधा देगी। पूरी यात्रा लगभग 7,560 किलोमीटर की होगी और 17वें दिन ट्रेन वापस दिल्ली पहुंचेगी।

आईआरसीटीसी ने इस पैकेज का किराया तृतीय एसी के लिए 1,14,100 रुपये, द्वितीय एसी के लिए 1,51,225 रुपये और प्रथम एसी के लिए 1,64,940 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया है। इस पैकेज में ट्रेन यात्रा, तीन-सितारा होटलों में ठहरने की व्यवस्था, शाकाहारी भोजन, एसी बसों से स्थानीय भ्रमण, यात्रा बीमा और टूर मैनेजर की सेवाएं शामिल होंगी।