कीलों से बनाया भारतरत्न लौहपुरुष का चित्र, सीएम को भेंट कर शैलेन्द्र ने पाई प्रशंसा

कीलों से बनाया भारतरत्न लौहपुरुष का चित्र, सीएम को भेंट कर शैलेन्द्र ने पाई प्रशंसा

कीलों से बनाया भारतरत्न लौहपुरुष का चित्र, सीएम को भेंट कर शैलेन्द्र ने पाई प्रशंसा

फतेहपुर, 19 दिसम्बर । उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के शैलेंद्र कुमार उत्तम पटेल ने भारतरत्न लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 05 किग्रा लोहे की कीलों से उनका भित्तिचित्र बनाकर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेंट किया। मुख्यमंत्री ने कलाकृति को देखकर उनके इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।

अमौली विकासखंड के ग्राम सरांय धरमपुर निवासी शैलेंद्र कुमार उत्तम पटेल ने अपनी अद्वितीय कलाकृति का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इसके पूर्व गेहूं के दाने से भारतीय मुद्रा एक रुपए का सिक्का, अलसी के दानों से स्वामी ब्रह्मानंद की प्रतिमा तथा कंकड़ पत्थर से उत्तर प्रदेश दर्पण की कलाकृति बना चुके हैं।

उन्होंने इस कलाकृति को जीपीओ पार्क लखनऊ में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 15 दिसंबर को भेंट किया था। शैलेंद्र उत्तम पटेल ने बताया कि देश को अखंड बनाने में लौह पुरुष सरदार पटेल के योगदान के कारण चित्र को तिरंगे के रंग से भरा गया है। इस चित्र में तिरंगे का रंग लौहपुरुष की दृढ़ निश्चयात्मक वाली शक्ति को देश की एकता व अखण्डता के रूप में प्रदर्शित करता है।

उन्होंने बताया कि लोहे की कीलों से बनाई गई कलाकृति को देखकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सराहना कर हौसला भी बढ़ाया। अपनी इस अनोखी कला के लिए शैलेंद्र उत्तम चर्चा में तब आए जब उन्होंने पहली बार वर्ष 2017 में 2 कुंतल 21 किलोग्राम गेहूं के दानों से भारतीय मुद्रा के रूप में एक रुपए का सिक्का तैयार किया था। इस पर उनका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज हुआ था।