साचीज ने कर्मचारियों को दिया हेल्थ कार्ड बनाने का प्रशिक्षण
साचीज ने कर्मचारियों को दिया हेल्थ कार्ड बनाने का प्रशिक्षण
लखनऊ,12 नवम्बर । स्टेट हेल्थ एजेंसी (साचीज) के सहयोग से लोक निर्माण विभाग में पंडित दीनदयाल उपाध्याय राज्य कर्मचारी कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम साचीज़ की मुख्य कार्यपालक अधिकारी अर्चना वर्मा (आईएएस) के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य विभागीय कंप्यूटर ऑपरेटरों को स्टेट हेल्थ कार्ड बनाने की प्रक्रिया में दक्ष बनाना तथा योजना से संबंधित तकनीकी जानकारी और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को योजना की पात्रता, पंजीकरण प्रक्रिया, ई-केवाईसी (e-KYC) एवं स्टेट हेल्थ कार्ड डाउनलोड करने की भी जानकारी लाभार्थियों को दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में लाभार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर अशोक कुमार द्विवेदी, विभागाध्यक्ष (लोक निर्माण विभाग ) ने उपस्थित सरकारी सेवकों को संबोधित करते हुए योजना की सराहना की और कहा कि यह योजना राज्य सरकार की एक अत्यंत कल्याणकारी पहल है जो सरकारी सेवकों और सेवानिवृत्त सरकारी सेवकों के लिए निःशुल्क एवं कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित करती है। उन्होंने उपस्थित सभी कर्मचारियों और लाभार्थियों को प्रेरित किया कि वे शीघ्र अपना स्टेट हेल्थ कार्ड बनवाएं और अपने परिवार के साथ इस योजना का लाभ उठाएं।
साचीज़ द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि राज्य के सभी विभागों में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि उनके दक्ष मास्टर ट्रेनर अपने अन्य जनपदों में ट्रेनिंग करा कर लक्ष्यानुसार “स्टेट हेल्थ कार्ड” बनवाना सुनिश्चित करें एवं उन्हें गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त हो सके।