सपा ने पीडीए दिवस के रूप में मनाई कांशीराम की जयंती, भारत रत्न देने की उठी मांग
सपा ने पीडीए दिवस के रूप में मनाई कांशीराम की जयंती, भारत रत्न देने की उठी मांग
प्रयागराज, 15 मार्च । समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने बहुजन नायक कांशीराम की 92वीं जयंती को पीडीए दिवस के रूप में मनाया। गंगापार, यमुनापार और महानगर क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों में सपा नेताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग उठाई।
सपा एमएलसी मान सिंह यादव ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर के संघर्ष और देश के शोषित, पीड़ित, वंचित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और महिलाओं की सामाजिक-आर्थिक स्थिति ने कांशीराम को गहराई से प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि रक्षा अनुसंधान के क्षेत्र में कार्य करते समय कांशीराम को बाबा साहब अंबेडकर के विचारों को जानने का अवसर मिला और उन्होंने बहुजन समाज को संगठित कर सामाजिक परिवर्तन का आंदोलन शुरू किया।
महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तखार हुसैन ने कहा कि कांशीराम ने महसूस किया कि वंचित वर्ग को संविधान में मिले अधिकार तब तक पूरी तरह लागू नहीं हो सकते जब तक वे सत्ता में भागीदारी न करें। इसलिए उन्होंने समाज के पिछड़े वर्गों को संगठित कर उन्हें शासक वर्ग बनाने की चेतना जगाई।
गंगापार जिलाध्यक्ष अनिल यादव और यमुनापार अध्यक्ष पप्पू लाल निषाद ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुलायम सिंह यादव और कांशीराम के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए पीडीए का नारा दिया है। उन्होंने कहा कि आज समाज का हर वर्ग अखिलेश यादव की नीतियों से प्रभावित होकर समाजवादी पार्टी के शासन में अपना भविष्य देख रहा है।
विधायक विजमा यादव, गीता पासी, हाकिम लाल बिंद और संदीप पटेल ने वर्ष 1992 में मुलायम सिंह यादव और कांशीराम की ऐतिहासिक मुलाकात तथा उसके बाद बने गठबंधन सरकार के संस्मरण साझा किए।
सपा प्रवक्ता दान बहादुर मधुर के अनुसार जयंती कार्यक्रम गंगापार क्षेत्र के फूलपुर स्थित मोती पैलेस, यमुनापार क्षेत्र के मुंगारी के सोनाक्षी पैलेस तथा महानगर क्षेत्र के शहर पश्चिमी के आर.के. गेस्ट हाउस मुंडेरा में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद धर्मराज पटेल, पूर्व विधायक जोखू लाल यादव, अंसार अहमद, मो. मुजतबा सिद्दीकी, सत्यवीर मुन्ना, अमरनाथ मौर्य सहित बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।