सड़क सुरक्षा माह : नेताजी की जयंती पर बरेली में निकली वाहन जागरूकता रैली
सड़क सुरक्षा माह : नेताजी की जयंती पर बरेली में निकली वाहन जागरूकता रैली
बरेली, 23 जनवरी । उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली में सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को गांधी उद्यान से दोपहिया वाहन जागरूकता रैली निकाली गई। रैली गांधी उद्यान से शुरू होकर डेलापीर, अयूब खां चौराहा होते हुए पुनः गांधी उद्यान में समाप्त हुई। रैली का उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
रैली में शामिल सभी प्रतिभागियों ने अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर सुरक्षित वाहन संचालन का संदेश दिया। इस दौरान यातायात नियमों का पूर्ण पालन किया गया। लोगों को हेलमेट की अनिवार्यता, गति सीमा के पालन, यातायात संकेतों के सम्मान और सड़क पर अनुशासित व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक (यातायात) मो. अकमल खान, सम्भागीय परिवहन अधिकारी पंकज सिंह, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रणव झा, एआरटीओ प्रशासन डॉ. प्रवेश कुमार सरोज, एआरटीओ प्रवर्तन वैभव सोती सहित परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, वाहन डीलरों के प्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।