जन सूचना अधिकारी तय समय के भीतर सही और सटीक सूचना उपलब्ध कराना सुनिश्चित करायें: राज्य सूचना आयुक्त
जन सूचना अधिकारी तय समय के भीतर सही और सटीक सूचना उपलब्ध कराना सुनिश्चित करायें: राज्य सूचना आयुक्त
गाजियाबाद, 4 सितंबर राज्य सूचना आयुक्त वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने गुरुवार को यहां कहा कि जन सूचना अधिकारी तय समय के भीतर सही और सटीक सूचना उपलब्ध कराना सुनिश्चित करायें। यदि ऐसा नहीं किया गया तो सम्बंधित अधिकारी के खिलाफ करवाई की जाएगी।
श्री सिंह महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे।। इस बैठक में आरटीआई के तहत मांगी जाने वाली सूचनाओं की लम्बित शिकायतों और अपीलों की समीक्षा की गई। द्वारा सभी अतिथियों को स्वागत किया गया।बैठक के दौरान आरटीआई के तहत दी जाने वाली सूचना के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
सूचना आयुक्त ने कहा कि जनसमस्याओं के त्वरित निपटारे के लिए राज्य सूचना आयोग एक प्रभावशाली मंच है। इसमें आप सबका सहयोग चाहिए। आरटीआई के ऐसे अनेक मामले आयोग तक आ जाते हैं, जिनका निपटारा प्रथम अपीलीय अधिकारी के स्तर पर हो सकता था। इससे आयोग पर वादों का बोझ बढ़ता है और गुणवत्तापूर्ण सुनवाई पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समय की आहट सुनिए और जिस भूमिका के लिए आप चुने गए हैं, उसे तन-मन से निष्ठापूर्वक निभाइए। जन सूचना को अपनी ड्यूटी में शामिल कीजिए।
उन्होंने कहा कि सूचना का अधिकार का उद्देश्य प्रशासन में पारदर्शिता लाना, भ्रष्टाचार मिटाना, दायित्वबोध जगाना और जनसहभागिता बढ़ाना है। साथ ही इसका उद्देश्य सुशासन तथा अधिक प्रभावशाली कार्यव्यवस्था सुनिश्चित करना है। सूचना का अधिकार कानून भारतीय नागरिकों के सशक्तीकरण की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है।
उत्तर प्रदेश सूचना आयोग का प्रयास है कि लंबित वादों का जल्द से जल्द निस्तारण हो। जनता की समस्याओं का समाधान हो और अधिकारियों पर अनावश्यक दबाव भी न आए। सूचना का अधिकार कानून का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध धारा 20 (1) के तहत 25 हजार रुपये तक का अर्थदंड सुनाने और धारा 20 (2) के तहत विभागीय कार्रवाई की संस्तुति करने का प्रावधान है। स्थितियाँ संदिग्ध होने पर आयोग स्वयं जांच कर सकता है अथवा जांच का आदेश दे सकता है। मेरा मानना है कि कोई भी अधिकारी दंड और जांच को आमंत्रित करके अपना करिअर दागदार नहीं करना चाहेगा। जो भी विभागीय प्रमुख यहाँ उपस्थित हैं, आप सबसे मेरा यही कहना है कि आप अपने जनसूचना अधिकारियों के द्वारा तय समय के भीतर सही और सटीक सूचना उपलब्ध कराना सुनिश्चित करायें।