प्रयागराज: पच्चीस हजार का इनामी गिरफ्तार, सत्रह सौ रुपये नकद बरामद
प्रयागराज: पच्चीस हजार का इनामी गिरफ्तार, सत्रह सौ रुपये नकद बरामद
प्रयागराज,21 अगस्तउत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित धूमनगंज थाने की पुलिस टीम ने गुरुवार को लूट व छिनैती मामले में फरार चल रहे पच्चीस हजार के इनामी बदमाश को महिला ग्राम चौराहा राजरूपपुर के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने उसके कब्जे से लूटी गई चेन को बेचने से प्राप्त रुपयों में से 1700 रुपये नकद बरामद किया है। पुलिस टीम उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
पुलिस उपायुक्त नगर अभिषेक भारती ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित घूरपुर थाना क्षेत्र के खटंगिया जसरा गांव निवासी सोनू निगम पुत्र श्याम बाबू है। इसके खिलाफ इससे पूर्व भी आपराधिक मुकदमे दर्ज है।
उल्लेखनीय है कि पीड़ित धूमनगंज थाना क्षेत्र के शकुंतला कुंज मुण्डेरा निवासी अशोक कुमार सिंह पुत्र स्वर्गीय राजेश्वर सिंह ने इस संबंध में 4 जून 2025 को सूचना दी कि जीटी रोड पर हर-हर महादेव मंदिर के पास से मोटरसाइकिल सवार अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनकी पत्नी के गले से चेन खींच कर भाग गए हैं। उक्त सूचना पर थाना धूमनगंज पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुये धारा 304(2) बी.एन.एस. पंजीकृत किया। छिनैती का खुलासा करने के लिए टीमों का गठन किया था। जांच के दौरान पकड़े गए आरोपित का नाम प्रकाश में आया और उसकी गिरफ्तारी के लिए पच्चीस हजार का इनाम भी घोषित किया गया था।
---------------