प्रयागराज: तेज रफ्तार बेकाबू कार की टक्कर से एक महिला की मौत, दो गंभीर रूप से घायल; चालक फरार
प्रयागराज: तेज रफ्तार बेकाबू कार की टक्कर से एक महिला की मौत, दो गंभीर रूप से घायल; चालक फरार
प्रयागराज, 19 जुलाई । प्रयागराज के सिविल लाइन क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दुखद सड़क हादसे में एक बेकाबू कार ने फुटपाथ पर सो रही कुछ महिलाओं को रौंद दिया, जिससे एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना सिविल लाइन हाईकोर्ट ओवरब्रिज के समीप आंबेडकर चौराहे के पास हुई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार रात उस समय हुआ जब हाईकोर्ट ओवरब्रिज के नीचे और आसपास रहने वाले कुछ खानाबदोश लोग सड़क किनारे आंबेडकर चौराहे के समीप सोने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान, एक तेज रफ्तार और बेकाबू कार अचानक नियंत्रण खोकर सड़क किनारे आ गई और वहां मौजूद महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद कार चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने फुर्ती दिखाते हुए कार को रोकने में कामयाबी हासिल कर ली। हालांकि, कार में सवार चालक सहित अन्य लोग गाड़ी छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस उपायुक्त (सिविल लाइन) श्याम जीत ने शनिवार को घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि 55 वर्षीय चमेली देवी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल हुईं 65 वर्षीय श्रीदेवी और 50 वर्षीय राधा को तत्काल उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार की ओर से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मौके से बरामद लावारिस कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है और फरार कार चालक एवं उसमें सवार अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।