सड़क, स्वच्छ वायु और आधुनिक सुविधाओं से सजेगा प्रयागराज शहर : गणेश केसरवानी

--प्रदूषण मुक्त भविष्य की ओर ठोस कदम: महापौर --15वें वित्त आयोग के तहत एयर क्वालिटी सुधार के लिए 98.63 करोड़ की कार्ययोजना प्रस्तावित

सड़क, स्वच्छ वायु और आधुनिक सुविधाओं से सजेगा प्रयागराज शहर : गणेश केसरवानी

प्रयागराज, 11 फ़रवरी । नगर के समग्र विकास, बेहतर यातायात व्यवस्था और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत एक व्यापक कार्ययोजना को स्वीकृति प्रदान की गई है। एयर क्वालिटी सुधार मद में कुल 9863.20 लाख रुपये(लगभग 98.63 करोड़ रुपये) के विभिन्न प्रस्ताव तैयार किए गए हैं, जिनमें से 30 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं को शहर की सड़कों के लिए महापौर द्वारा विशेष स्वीकृति प्रदान की गई है।

महापौर गणेश केसरवानी ने स्पष्ट किया कि नगर क्षेत्र में सड़कों की स्थिति सुधारना, धूल और प्रदूषण को नियंत्रित करना तथा नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से एयर क्वालिटी इम्प्रूवमेंट से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी गई है।

जनकार्य विभाग द्वारा नगर क्षेत्र की सड़कों के सुधार एवं पुनर्निर्माण के लिए 5366.02 लाख रुपये तथा अतिरिक्त सड़क सुधार कार्यों के लिए 921.85 लाख रुपये का प्रस्ताव रखा गया है। पार्कों के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के लिए 188.43 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सड़क मरम्मत कार्यों को तेज और प्रभावी बनाने के लिए 145 लाख रुपये की लागत से पाथोल रिपेयरिंग मशीन क्रय करने का प्रस्ताव भी शामिल है।

स्वच्छ वायु कार्यक्रम के अंतर्गत आवश्यक संसाधनों एवं वाहनों की खरीद के लिए 1817.90 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। पर्यावरण विभाग द्वारा लीगेसी वेस्ट प्रोसेसिंग कार्य हेतु 800 लाख रुपये तथा आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) गतिविधियों के लिए 100 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

उद्यान विभाग द्वारा मियावाकी पद्धति से पौधरोपण हेतु 200 लाख रुपये का प्रावधान हरित क्षेत्र विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इसके अतिरिक्त, पशु शवों के वैज्ञानिक निस्तारण हेतु रेंडरिंग प्लांट जैसी आधुनिक ट्रीटमेंट सुविधा विकसित करने तथा पारंपरिक शवदाह गृहों को आधुनिक इलेक्ट्रिक एवं ग्रीन इलेक्ट्रिक शवदाह गृह में परिवर्तित करने के लिए 324 लाख रुपये का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया है। इससे पर्यावरणीय प्रदूषण में कमी आएगी और नागरिकों को स्वच्छ एवं आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।

बैठक में मुख्य वित्त अधिकारी राजकुमार शर्मा, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पी. के. मिश्रा, मुख्य अभियंता जनकार्य दिनेश चंद्र सचान, महाप्रबंधक जलकर कुमार गौरव, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार, अधिशासी अभियंता अनिल कुमार तथा अधिशासी अभियंता विद्युत आर. के. लाल यादव, प्रयागराज विकास प्राधिकरण एवं पी. डब्ल्यू्. डी. सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने स्वीकृत योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने का आश्वासन दिया।

नगर निगम की इस पहल को शहरवासियों के हित में एक दूरदर्शी और सराहनीय कदम माना जा रहा है। इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से शहर को बेहतर सड़कें, स्वच्छ हवा, हरित पार्क और आधुनिक नगरीय सुविधाएँ मिलेंगीजिससे आने वाले वर्षों में नगर की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने की उम्मीद है।