प्रयागराज: टैंकर की टक्कर से मां-बेटे की मौत

प्रयागराज: टैंकर की टक्कर से मां-बेटे की मौत

प्रयागराज: टैंकर की टक्कर से मां-बेटे की मौत

प्रयागराज, 26 जून (हिन्दुस्तान समाचार)। प्रयागराज में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ आज गुरुवार सुबह नैनी थाना क्षेत्र में लिप्रोसी चौराहे के समीप एक तेज रफ्तार टैंकर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा नैनी थाना क्षेत्र के लिप्रोसी चौराहे के समीप गुरुवार सुबह हुआ। मध्य प्रदेश के रीवा जनपद के सोहागी थाना क्षेत्र के कोनिया खुर्द गांव निवासी कृष्ण बिहारी मिश्र (पुत्र सूर्यमणि मिश्र) अपनी 72 वर्षीय मां ऊषा मिश्रा के साथ मोटरसाइकिल पर सवार थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित सीमेंट टैंकर ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गुरुवार सुबह नैनी के लिप्रोसी चौराहे के समीप एक सीमेंट वाले टैंकर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार मां-बेटे की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कृष्ण बिहारी मिश्र और उनकी मां ऊषा मिश्रा (72 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के रीवा जनपद के सोहागी थाना क्षेत्र के कोनिया खुर्द गांव के रहने वाले थे।

हादसे में एक अन्य महिला, जो उनके साथ मोटरसाइकिल पर सवार थी, घायल हुई है और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिवार को घटना की खबर दे दी गई है। परिवार के आने के बाद उनकी तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस ने टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है।