मीरजापुर में बेकाबू सीमेंट कंटेनर घर में घुसा, पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत

मीरजापुर में बेकाबू सीमेंट कंटेनर घर में घुसा, पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत

मीरजापुर में बेकाबू सीमेंट कंटेनर घर में घुसा, पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत

मीरजापुर, 30 जुलाई । उत्तरप्रदेश के जनपद मीरजापुर के विन्ध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा पुलिस चौकी अंतर्गत कलना गहरवार गांव में गुरुवार भोर एक भीषण सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। प्रयागराज की ओर से आ रहा सीमेंट से लदा कंटेनर (एमपी 19 जेडक्यू 9901) अनियंत्रित होकर एक मकान में घुस गया और पलट गया। हादसे के समय घर के बाहर चारपाई पर सो रहे 45 वर्षीय शिव प्रसाद गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके 13 वर्षीय पुत्र रोहित ने उपचार के समय दम ताेड़ दिया।

सूचना मिलते ही विन्ध्याचल पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रोहित को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कंटेनर को कब्जे में ले लिया गया है। क्षेत्राधिकारी नगर, सदर उपजिलाधिकारी तथा पर्याप्त पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद भी आवागमन सामान्य रूप से संचालित होता रहा और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

एएसपी बोले—तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज, वाहन कब्जे में

अपर पुलिस अधीक्षक नितेश सिंह ने बताया कि कंटेनर के अनियंत्रित होकर घर में घुसने से हादसा हुआ, जिसमें पिता-पुत्र की मृत्यु हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच करते हुए नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।