महिलाओं के सम्मान के साथ विपक्षी कांग्रेस-सपा ने विश्वासघात किया : शोभा द्विवेदी
-महिला जन आक्रोश रैली निकालकर कांग्रेस सांसद आवास का घेराव -भाजपा महिला मोर्चा ने सांसद आवास पर धरना देकर किया प्रदर्शन
प्रयागराज, 10 मई । लोकसभा में महिला आरक्षण बिल नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्ष (कांग्रेस-सपा) द्वारा सकारात्मक भूमिका न निभाए जाने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी प्रयागराज यमुनापार ने कड़ा प्रतिरोध दर्ज कराया।
भाजपा यमुनापार महिला मोर्चा के नेतृत्व में रविवार को महिला जन आक्रोश रैली निकालकर इलाहाबाद लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमण सिंह के आवास का घेराव करते हुए धरना-प्रदर्शन किया गया। इस जन आक्रोश रैली में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता एवं आम नागरिक महिलाओं ने सहभागिता की। महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर जमकर नारेबाजी की तथा विपक्ष पर महिला विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाया।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष शोभा द्विवेदी ने किया। उन्होंने कहा कि, देश की आधी आबादी के अधिकारों पर राजनीति करना विपक्ष की महिला विरोधी सोच को दर्शाता है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर समर्थन न देना महिलाओं के सम्मान के साथ विश्वासघात है। भाजपा महिलाओं के अधिकारों के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष करती रहेगी। उपस्थित महिलाओं ने कहा कि संसद में महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के लिए उठने वाली आवाज को दबाना देश की नारी शक्ति का अपमान है। इस दौरान जमकर नारेबाजी हुई।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि रैली की शुरुआत अशोक नगर दुर्गा पूजा पार्क से हुई। वहां से महिला कार्यकर्ताओं का हुजूम संगठित रूप से कांग्रेस सांसद आवास की ओर रवाना हुआ। सांसद आवास पर पहुंचकर महिलाओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर अपना आक्रोश प्रकट करते हुए घेराव किया और धरना-प्रदर्शन कर इसे देश की आधी आबादी के अधिकारों के साथ अन्याय बताया।
इस अवसर पर वीना मिश्रा, आरती सिंह, भारती सिंह, पुष्पा श्रीवास्तव, उमा देवी, प्रीति गुप्ता, सोनिका अग्रवाल, सुनीता कुमारी, किरन देवी, अनीता देवी, शांति, पल्लवी, श्वेता, ममता, आरती कोल सहित भारी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।