नवविवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में लगाई फांसी,मौत
पिता ने ससुरालीजनों पर लगाया प्रताणना का आरोप
बहराइच, 17 मई । उत्तर प्रदेश के बहराइच में दरगाह थाना इलाके के मोहल्ला बख्शीपुरा में उस समय हड़कंप मच गया जब एक नवविवाहित युवती ने फाँसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक प्रक्रिया में जुट गई है।
बहराइच के थाना दरगाह इलाके में रहने वाली सुप्रिया कश्यप का शव शुक्रवार शाम फंदे से लटकता हुआ मिला। आसपास के लोगो ने इसकी सूचना जब पुलिस को दी तो सीओ सिटी नारायण दत्त मिश्रा और थाना दरगाह एसएचओ रामाज्ञा सिंह ने मौके पर जांच शुरू की। मौके पर फोरेंसिक टीम भी पहुंची और साक्ष्य संकलित किये। मृतक के पिता कमलेश ने मृतका के ससुराल पक्ष पर पैसे मांगने और प्रताड़ित करने के आरोप भी लगाए हैं। उनका कहना है कि मृतका के पति कृष्णा और उसकी मां के द्वारा बेटी के जरिये लगातार पैसों की मांग की जाती थी।
सीओ सिटी नारायण दत्त मिश्रा ने बताया कि शनिवार को शाम करीब 7 बजे सूचना मिली कि किसी युवती ने फंदे से लटककर फांसी लगा ली है। मौके पर पहुंचने पर जानकारी मिली कि मृतका सुप्रिया की शादी अक्टूबर 2025 में कृष्णा के साथ हुई थी। सुप्रिया का शव फंदे से लटकता हुआ मिला है। फोरेंसिक और पुलिस टीम जांच कर रही हैं मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है ।