धान कुटाई मशीन में गमछा फंसने से अधेड़ की मौत, परिवार में मचा कोहराम

धान कुटाई मशीन में गमछा फंसने से अधेड़ की मौत, परिवार में मचा कोहराम

धान कुटाई मशीन में गमछा फंसने से अधेड़ की मौत, परिवार में मचा कोहराम

मीरजापुर, 25 जनवरी । चुनार थाना क्षेत्र के चक गम्भीरा पुलिस चौकी अंतर्गत समुदवा गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में धान कुटाई का काम कर रहे अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। गले में लटक रहा गमछा धान कुटाई मशीन के शाफ्ट में फंस गया, जिससे गला कसने के कारण उसकी जान चली गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

समुदवा गांव निवासी 50 वर्षीय महानन्द पुत्र स्वर्गीय छेदी ट्रैक्टर पर धान दराई मशीन लगाकर गांव-गांव जाकर धान कुटाई का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। रविवार की सुबह करीब नौ बजे वह ट्रैक्टर व मशीन लेकर कुसुमी गांव में जंग बहादुर के घर धान की दराई कर रहा था। इसी दौरान वह धान से भरी बोरी उठाकर मशीन में डाल रहा था, तभी उसके गले में लटक रहा गमछा मशीन के साॅफ्ट में फंस गया।

लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही गमछा तेजी से लिपट गया और उसका गला बुरी तरह कस गया, जिससे मौके पर ही महानन्द की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और रोते-बिलखते हुए पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर चक गम्भीरा चौकी प्रभारी हरिशंकर सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी सीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है । इस संबंध में चुनार थाना प्रभारी निरीक्षक विजय शंकर सिंह ने बताया कि धान दराई मशीन में फंसने से अधेड़ की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।