उत्तर प्रदेश में अपने बीच का उप मुख्यमंत्री बनाएं मुसलमान : ओवैसी
एआईएमआईएम यूपी की 100 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

कानपुर, 12 दिसम्बर । उत्तर प्रदेश में 19 फीसद मुसलमान है और चुनाव के दौरान राजनीतिक पार्टियों को उनकी याद आती है, लेकिन सत्ता आने पर मुसलमानों को भागीदारी नहीं मिलती। मुसलमानों को सत्ता में भागीदारी मिले इसके लिए एआईएमआईएम उत्तर प्रदेश की सौ विधान सभा सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है। इन सीटों पर मुसलमान बढ़-चढ़कर मतदान करे और अपने बीच का उत्तर प्रदेश में उप मुख्यमंत्री बनाएं। यह बातें रविवार को कानपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कही।
राजकीय इंटर कालेज चुन्नीगंज में जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुस्लिमों की 19 फीसदी आबादी है और चुनाव से पहले तमाम राजनीतिक दल भाजपा का डर दिखाकर मुसलमानों का वोट हासिल कर लेते हैं, लेकिन सत्ता में उन्हे भागीदारी नहीं देते। मुसलमानों का उत्तर प्रदेश में कोई बड़ा लीडर नहीं है जो हैं वह कभी उप मुख्यमंत्री तक नहीं पहुंच सकते। ऐसे में पार्टी ने तय किया है कि उत्तर प्रदेश की सौ विधान सभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। मुस्लिमों को अपनी हिस्सेदारी के लिए लड़ाई लड़नी होगी। इसके लिए लीडरशिप बनानी होगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी राजनैतिक दल को मुस्लिमों की चिंता नहीं है। मुस्लिमों की जान की भी कोई कीमत नहीं है। मुस्लिम किसी राजनैतिक दल का कैदी नहीं है। वह अपना फैसला खुद कर सकता है। इसके लिए चुनाव में उसको एकजुट होकर वोट की ताकत दिखानी होगी। अपना नेतृत्व खुद बनाना होगा। मुस्लिमों को अपने बीच से डिप्टी सीएम बनाना होगा।