महाशिवरात्रि : पंचक्रोशी परिक्रमा पथ पर निकले शिवभक्तों की सेवा में जुटे सामाजिक संगठन

महाशिवरात्रि : पंचक्रोशी परिक्रमा पथ पर निकले शिवभक्तों की सेवा में जुटे सामाजिक संगठन

महाशिवरात्रि : पंचक्रोशी परिक्रमा पथ पर निकले शिवभक्तों की सेवा में जुटे सामाजिक संगठन

वाराणसी, 15 फरवरी । महाशिवरात्रि पर्व पर रविवार को परम्परानुसार पंचक्रोशी परिक्रमा पथ के विभिन्न पड़ावों पर पहुंच रहे श्रद्धालु शिवभक्तों की सेवा में विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ पुलिस कर्मी भी जुटे दिखे। लालपुर पांडेयपुर क्षेत्र में पुलिस कर्मी श्रद्धालुओं की सेवा के साथ उनके सुरक्षा में भी मुस्तैद रहे। गश्त के समय फैंटम 55 दस्ते में शामिल पुलिस कर्मी शिव भक्तों के बीच भक्ति भाव से प्रसाद वितरित करते दिखे।

वहीं मिशन समाज सेवा के कार्यकर्ता अध्यक्ष की अगुवाई में श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहे। श्रद्धालुओं को चाय पानी पिलाने के साथ उनके पैरों में पड़े छालों पर दर्द निवारक स्प्रे छिड़कने के साथ मरहम पट्टी भी करते रहे। कुछ देर ठहराव के बाद श्रद्धालु परिक्रमा पथ के अगले पड़ाव की ओर पूरे श्रद्धा और उत्साह से बढ़ते दिखे।

बताते चलें कि संकल्प के साथ लगभग 80 से 84 किमी की यह काशी की परिक्रमा शिवभक्त 24 घंटे के अंदर पूरी करते हैं। यह परिक्रमा शनिवार देर शाम को मोक्षतीर्थ मणिकर्णिकाघाट के चक्रपुष्कर्णी तीर्थ कुंड और गंगा स्नान के बाद संकल्प लेकर शुरू हुई है। मणिकर्णिकाघाट से घाटों के सहारे शिवभक्त अस्सी घाट तक पहुंचे। फिर यहां से यात्रा के प्रथम पड़ाव कंदवा के लिए निकल पड़े। यात्रा मार्ग पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस कर्मी तैनात हैं। ड्रोन व सीसीटीवी से उनकी सुरक्षा की निगरानी हो रही है। श्रद्धालु दूसरे पड़ाव भीमचंडी, तीसरे पड़ाव रामेश्वर, चौथे पड़ाव पांचों पंडवा,पांचवे पड़ाव कपिलधारा के लिए निकल पड़े हैं। श्रद्धालु पूरी रात परिक्रमा पथ पर तमाम दुश्वारियों और पांवों में छाले पड़ने के बावजूद यात्रा की अन्तिम पड़ाव की ओर बढ़ रहे हैं। इसके बाद फिर गंगा घाटों के सहारे श्रद्धालु मणिकर्णिका घाट होते हुए व्यास पीठ तक पहुंचेंगे।