महाकुम्भ दिखा रहा 'सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामयाः और वसुधैव कुटुम्बकम की राहः कलिंग मोयोंग
महाकुम्भ दिखा रहा 'सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामयाः और वसुधैव कुटुम्बकम की राहः कलिंग मोयोंग

महाकुम्भ नगर, 21 फरवरी (हि.स.)। गंगा, यमुना और अन्त: सलिला सरस्वती के संगम से सुशोभित प्रयागराज की पावन भूमि पर महाकुम्भ के इस महासंयोग में उगते सूरज की भूमि अरुणाचल प्रदेश ने भी डुबकी लगाई है। चीन, म्यांमार, भूटान और असम एवं नगालैंड से सटे अरुणाचल प्रदेश उगते सूरज की तरह विश्वभर में सनातन की लौ फैलाएगा। यह बातें अरुणाचल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष कलिंग मोयोंग ने कही। प्रयागराज महाकुम्भ में हिन्दुस्थान समाचार' से विशेष बातचीत में कलिंग मोयोंग ने कहा कि सनातन धर्म की अखंड ज्योति केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में अपनी उजास फैला रही है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोयोंग ने कहा कि भारतभूमि कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक है। इसकी इस एकता की सुदृढ़ता में प्रादेशिक संस्कृतियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। भिन्न-भिन्न भाषाओं और बोलियों के ताने-बाने से बुनी हुई प्रादेशिक संस्कृति का धरातल एक ही है। इसे हम विविधता में एकरुपता या अनेकता में एकता की संज्ञा देते हैं। यही चेतना भारतीय संस्कृति की अस्मिता है। उन्होंने कहा कि महाकुम्भ दुनिया के लिए सौभाग्य है, जो सर्वे सुखिनः सर्वे संतु निरामयाः और वसुधैव कुटुमबकम की राह दिखा रहा है। हिन्दुत्व की यह सनातन परंपरा विश्व फलक पर अपने गहरे प्रभाव से आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का नेतृत्व कर रही है। उन्होंने कहा कि हिन्दुत्व का प्रभाव न केवल भारत में, बल्कि विश्व स्तर पर देखा जा रहा है। वैश्विक परिदृश्य में हिन्दुत्व एक महत्वपूर्ण विचारधारा के रूप में उभर रहा है, जो शांति, सहिष्णुता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने में सहायक है।
कलिंग मोयोंग पत्नी केन्द्रिख एटे मोयोंग, प्रदेश महासचिव तादर निग्लर आदि के साथ संगम स्नान करने महाकुम्भ आए थे। संगम स्नान के बाद उन्होंने गोवर्धन मठ पुरी पीठ शिविर पहुंचकर अनुष्ठान में भाग लिया और शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कलिंग मोयोंग ने बातचीत के दौरान अरुणाचल प्रदेश की वर्तमान स्थिति और भविष्य की योजनाओं पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि महाकुम्भ में स्नान और हवन करने के बाद एक अद्भुत अनुभव हुआ। माहौल अत्यंत सकारात्मक है और राज्य सरकार द्वारा किए गए प्रबंध उत्कृष्ट हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इसके लिए धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि हिन्दुत्व का प्रभाव अरुणाचल प्रदेश में भी स्पष्ट रूप से दिख रहा है। प्रदेश में सनातन संस्कृति और धार्मिक एकता को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वसुधैव कुटुम्बकम और सर्वे भवंतु सुखिनः ... जैसे विचारों को सशक्त करने की जरूरत है। महाकुम्भ में मिली सुविधाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसे प्रदेशवासियों को भी बताया जाएगा ताकि वे भी इस आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव कर सकें।
अरुणाचल में विकास की नई लहर मोयोंग ने केंद्र सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रदेश में असाधारण विकास हुआ है। मोदी सरकार के आने के बाद से राज्य के दूर-दराज के क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं में व्यापक सुधार हुआ है। विशेष रूप से चीन सीमा से सटे क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है। जहां पहले सड़कें नहीं थीं, वहां अब संपूर्ण टाउनशिप विकसित हो रही हैं।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दे रही सरकार मोयोंग ने बताया कि धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में भी अरुणाचल सरकार तेजी से कार्य कर रही है। प्रसिद्ध परशुराम कुंड का नया स्वरूप तैयार किया जा रहा है जिससे यह एक प्रमुख तीर्थ स्थल के रूप में विकसित होगा। केंद्र सरकार ने इस परियोजना को विशेष बजट प्रदान किया है और आने वाले वर्षों में यहां तक रेल सेवा शुरू करने की योजना भी बनाई गई है। यह परियोजना धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करने में सहायक होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में भाजपा का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। आगामी पंचायतीराज और मुंशी पार्टी चुनावों में भी भाजपा का परचम लहराने की उम्मीद है। अरुणाचल प्रदेश में भाजपा की पकड़ मजबूत हो रही है और आने वाले दिनों में इसे और अधिक सशक्त किया जाएगा।
सीमा सुरक्षा को लेकर अरुणाचल सरकार सतर्क अरुणाचल प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मोयोंग ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में बांग्लादेशियों के लिए कोई जगह नहीं है। राज्य सरकार सीमा सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है और किसी भी अवैध घुसपैठ को रोकने के लिए कड़े कदम उठा रही है। अरुणाचल प्रदेश में हिंदुत्व और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ बुनियादी ढांचे का विकास तेजी से हो रहा है। केंद्र सरकार और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से प्रदेश में अभूतपूर्व प्रगति देखी जा रही है। मोयोंग ने कहा कि पहले अरुणाचल को दिल्ली जाना पड़ता था, लेकिन अब दिल्ली खुद अरुणाचल आ रही है। यह परिवर्तन प्रदेश की प्रगति और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।-----------