मदनी का बयान निंदनीय और उकसाने वाला : अरुण सिंह

- विंध्याचल दौरे पर बोले भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव : सबका साथ-सबका विकास, योजनाओं का लाभ सभी को

मदनी का बयान निंदनीय और उकसाने वाला : अरुण सिंह

मीरजापुर, 23 नवंबर । भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह रविवार को विन्ध्याचल पहुंचे, जहां उन्होंने नगर विधायक के होटल द कम्फर्ट इन विंध्यन का फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन तथा मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में मदनी के हालिया बयान को ‘निंदनीय और एक वर्ग को उकसाने वाला बताया।

अरुण सिंह ने कहा कि मदनी का बयान समाज को बांटने वाला है और ऐसे भड़काऊ वक्तव्यों की जितनी निंदा की जाए, कम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की सभी योजनाओं का लाभ हर समुदाय को समान रूप से मिल रहा है, चाहे वह आवास योजना हो, अन्न योजना, हर घर जल योजना, या आयुष्मान भारत के तहत चिकित्सा सुविधा।

उन्होंने कहा कि मुसलमानों को भी योजनाओं का पूर्ण लाभ मिल रहा है। ऐसे में धर्म के आधार पर भेदभाव की बात करना मूर्खतापूर्ण है। कुछ लोग केवल अपनी राजनीति चमकाने के लिए ऐसे बयान देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में नए मंत्रिमंडल में भी मुस्लिम समुदाय के मंत्री शामिल हुए हैं, जो दर्शाता है कि अवसर सभी को मिल रहे हैं।

अरुण सिंह ने कहा कि ऐसे बयानों पर आवश्यक हो तो कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, क्योंकि कानून व्यवस्था सबके लिए समान है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस विश्वविद्यालय में विवाद पैदा हुआ, वहां पहले भी आतंकी घटनाओं को अंजाम देने वालों के संरक्षक मौजूद रहे हैं, और यह तथ्य दुनिया जानती है। इस दौरान मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह, मझवा विधायिका सुचिष्मिता मौर्या सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

आजम खान पर भी टिप्पणी

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान पर निशाना साधते हुए अरुण सिंह ने कहा कि गरीबों की जमीन पर कब्ज़ा करने का कार्य आजम खान ने किया था। समाजवादी सरकार के दौरान उनकी हनक इतनी थी कि अधिकारी भी उनसे भयभीत रहते थे। उन्होंने कहा कि आजम खान का आतंक उसी दौर में था, लेकिन कानून सभी के लिए समान है और अब उसी कानून के अनुसार कार्रवाई हो रही है।