भाजपा सरकार में मीटर के नाम पर लूट, बदहाल स्कूल व्यवस्था और बढ़े महिला अपराध : संजय सिंह

आआपा 16 मई से मेरठ से गाजियाबाद तक निकलेगी रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो पदयात्रा

भाजपा सरकार में मीटर के नाम पर लूट, बदहाल स्कूल व्यवस्था और बढ़े महिला अपराध : संजय सिंह

लखनऊ, 10 मई। आम आदमी पार्टी (आआपा) के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर स्मार्ट मीटर घोटाले, शिक्षा व्यवस्था की बदहाली, महिला अपराधों में लगातार बढ़ोतरी, किसानों की आत्महत्या और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि पार्टी के आंदोलन और जनता के दबाव के कारण सरकार को प्रीपेड स्मार्ट मीटर योजना पर पीछे हटना पड़ा, लेकिन पोस्टपेड स्मार्ट मीटर के जरिए अभी भी जनता को लूटने का काम जारी है। उन्होंने कहा कि देश से प्यार करने वाले हर नागरिक को शिक्षा, लोकतंत्र और संविधान बचाने की लड़ाई में आगे आना होगा।

सांसद संजय सिंह रविवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय पर प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने स्मार्ट प्रीपेड मीटर के मामले में भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि किसी का 600 रुपये का बिजली बिल तीन हजार रुपये आ रहा है, किसी का दाे हजार रुपये का बिल 10 हजार रुपये तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि “मिल्खा सिंह से तेज भागने वाले” स्मार्ट मीटरों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए और पोस्टपेड स्मार्ट मीटर के खिलाफ भी लड़ाई जारी रहेगी।

संजय सिंह ने शिक्षा व्यवस्था पर कहा कि नीति आयोग और भारत सरकार के आंकड़ों के अनुसार उत्तर प्रदेश में 9508 विद्यालय ऐसे हैं जहां केवल एक शिक्षक के भरोसे पूरा स्कूल चल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से सवाल पूछा कि क्या एक शिक्षक के भरोसे मिड डे मील, पढ़ाई और पूरे विद्यालय का संचालन संभव है। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों में 90 प्रतिशत से अधिक ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं, जिसका अर्थ है कि गांवों की शिक्षा व्यवस्था को जानबूझकर बर्बाद किया जा रहा है।

महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि वर्ष 2024 में उत्तर प्रदेश में महिला अपराध के 66398 मामले दर्ज हुए, जो पूरे देश में सबसे अधिक हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जनता की प्राथमिकताएं समाप्त हो चुकी हैं।

संजय सिंह ने घोषणा की कि आम आदमी पार्टी की “रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा 16 मई से 20 मई तक मेरठ से गाजियाबाद तक निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे पहले पार्टी ने सदियों से संगम, अयोध्या से प्रयागराज, रामपुर से अमरोहा, मिर्जापुर से सारनाथ और आगरा से मथुरा तक पदयात्राएं निकाली हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जाति और धर्म के नाम पर भेदभाव बढ़ रहा है और बेरोजगार युवाओं पर लाठियां बरसाई जा रही हैं।

उन्होंने प्रदेश की जनता, किसानों, नौजवानों, महिलाओं और व्यापारियों से इस पदयात्रा में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि रोजगार का संकट केवल सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं है बल्कि छोटे-छोटे रोजगार भी छीने जा रहे हैं। पदयात्रा से जुड़ने के लिए 7500040004 नंबर जारी किया गया है, जिस पर मिस्ड कॉल देकर लोग अभियान से जुड़ सकते हैं।