कालिंजर महोत्सव 2026: 15 से 17 फरवरी तक बांदा में संस्कृति और कला का महाकुंभ

कालिंजर महोत्सव 2026: 15 से 17 फरवरी तक बांदा में संस्कृति और कला का महाकुंभ

कालिंजर महोत्सव 2026: 15 से 17 फरवरी तक बांदा में संस्कृति और कला का महाकुंभ

बांदा, 14 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश में बुंदेलखंड की ऐतिहासिक धरोहर कालिंजर की धरती पर 15 से 17 फरवरी तक तीन दिवसीय कालिंजर महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। ‘इतिहास की गूंज, संस्कृति की आत्मा’ थीम पर आधारित इस महोत्सव का आयोजन जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में कटरा कालिंजर मेला ग्राउंड में होगा।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को बताया कि महोत्सव में बुंदेली लोक नृत्य, आल्हा गायन, भजन एवं लोकगीतों सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कालिंजर किले की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि में आयोजित यह महोत्सव आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करेगा।

महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक ‘आज की शाम कालिंजर के नाम’ कार्यक्रम आयोजित होगा। 15 फरवरी को तृप्ती शाक्या एंड ग्रुप, 16 फरवरी को साधो द बैंड एवं राधा श्रीवास्तव एंड ग्रुप तथा 17 फरवरी को ममता शर्मा एवं राजा रेन्चो अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

इसके साथ ही ‘बांदा गॉट टैलेंट’ कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा। यह प्रतियोगिता प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें 15 फरवरी को विद्यालय स्तर, 16 फरवरी को महाविद्यालय स्तर तथा 17 फरवरी को जनपद स्तरीय विजेताओं की प्रस्तुतियां होंगी।

महोत्सव के दौरान खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होने वाले खेल महोत्सव में 15 फरवरी को खो-खो, 16 फरवरी को कबड्डी तथा 17 फरवरी को दंगल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

मंडलीय सरस मेले के अंतर्गत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। साथ ही विभिन्न विभागीय स्टॉल, सम्मेलन एवं गोष्ठियों का भी आयोजन होगा।

प्रतिदिन शाम 4 बजे से 6 बजे तक ‘स्थानीय सांस्कृतिक धरोहर’ कार्यक्रम के तहत बुंदेली लोक नृत्य, लोक गायन, आल्हा एवं भजन-लोकगीतों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

---------------