बांदा और चित्रकूट जिलाें में शीघ्र शुरू होंगी आईपीएचएल लैब : अजीत कुमार
बांदा और चित्रकूट जिलाें में शीघ्र शुरू होंगी आईपीएचएल लैब : अजीत कुमार
बांदा, 22 नवंबर । उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में आयुक्त चित्रकूट धाम मंडल अजीत कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मंडलीय और जनपदीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान बांदा और चित्रकूट में आईपीएचएल लैब शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने मंडल की स्वास्थ्य रैंकिंग में सुधार पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जिन संकेतकों पर प्रगति धीमी है, उनमें अगले माह तक ठोस सुधार दिखाई देना चाहिए। उन्होंने मंडल में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए कई स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। बैठक का मुख्य बिंदु बांदा और चित्रकूट जिलों में इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैबोरेट्री (आईपीएचएल) को शीघ्र प्रारम्भ कराना है।
आयुक्त ने जिला चिकित्सालयों के मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों को निर्देश दिया कि लैब स्थापना और संचालन की सभी औपचारिकताएं तत्काल पूरी कराते हुए जल्द से जल्द इनका शुभारंभ सुनिश्चित करें। साथ ही महोबा और हमीरपुर जनपदों को मानक अनुसार सभी जांचें आईपीएचएल लैब में ही कराए जाने का निर्देश दिए।
आयुक्त ने हमीरपुर जिला अस्पताल में अब तक रक्त अवयव पृथक्करण इकाई (ब्लड कम्पोनेंट सेपरेशन यूनिट) शुरू न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए आवश्यक लाइसेंस तुरंत प्राप्त कर इकाई प्रारम्भ करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यवेक्षकीय अधिकारियों को प्रत्येक माह नियमित निरीक्षण करते हुए चेकलिस्ट अद्यतन कराने तथा पाए गए अंतर पर तत्काल कार्यवाही करने के आदेश दिए।
परिवार नियोजन के अंतर्गत पुरुष नसबंदी को बढ़ावा देने के लिए 21 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलने वाले नसबंदी पखवाड़े को प्रभावी ढंग से मनाने के निर्देश दिए। प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक औषधि सूची प्रदर्शित करने, वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड सौ प्रतिशत बनाने, वीएचएनडी सत्र नियमित कराने तथा ई-संजीवनी पोर्टल के अधिकतम उपयोग पर बल दिया गया।
आयुक्त ने अस्पतालों की पंजीकरण व्यवस्था को डिजिटल और सरल बनाने, आभा आधारित पंजीकरण को बढ़ावा देने तथा मरीजों से सौम्य व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में टीबी उन्मूलन, नियमित टीकाकरण, कायाकल्प मूल्यांकन, शहरी स्वास्थ्य मिशन, एनसीडी स्क्रीनिंग, पल्स पोलियो अभियान तथा वर्ष 2026-27 की कार्य योजना सहित अनेक बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में मंडल के अपर निदेशक, संयुक्त निदेशक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, सहायक मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, मंडलीय एवं जनपदीय कार्यक्रम प्रबंधन इकाइयों के अधिकारी, विश्व स्वास्थ्य संगठन, यूनिसेफ, यूएनडीपी, यूपीटीएसयू तथा अन्य विभागीय नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।