मीरजापुर-औराई मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, बस और बाइक की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल, ट्रामा सेंटर रेफर
मीरजापुर-औराई मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, बस और बाइक की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल, ट्रामा सेंटर रेफर
मीरजापुर, 19 जून । चील्ह थाना क्षेत्र के मुजेहराकला गांव के समीप गुरुवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मुजेहराकला गांव निवासी प्रमोद कुमार (30) पुत्र प्रेमचंद और धुल्लुर (28) पुत्र उमेश कुमार अपनी बाइक से खेत देखने जा रहे थे। तभी मीरजापुर-औराई मार्ग पर औराई की ओर से तेज गति से आ रही एक निजी बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के बाद बस चालक मौके पर बस छोड़कर फरार हो गया। टेढ़वा चौकी प्रभारी सुनील कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए ग्रामीणों और परिजनों ने एम्बुलेंस का इंतजार न करते हुए उन्हें निजी वाहन से मंडलीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें ट्रामा सेंटर मीरजापुर रेफर कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार बस चालक और बस की तलाश शुरू कर दी है।
इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने मीरजापुर-औराई मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और अव्यवस्थित यातायात को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जगह-जगह स्पीड ब्रेकर लगाने और पुलिस निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।