मीरजापुर-औराई मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: बस-बाइक की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल, ट्रामा सेंटर रेफर

मीरजापुर-औराई मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: बस-बाइक की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल, ट्रामा सेंटर रेफर

मीरजापुर-औराई मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: बस-बाइक की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल, ट्रामा सेंटर रेफर

मीरजापुर, 19 जून (हि.स.)। चील्ह थाना क्षेत्र के मुजेहराकला गांव के पास गुरुवार की शाम एक तेज रफ्तार बस और बाइक की भीषण टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल ट्रामा सेंटर, मीरजापुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, मुजेहराकला गांव निवासी प्रमोद कुमार (30) पुत्र प्रेमचंद और धुल्लुर (28) पुत्र उमेश कुमार अपनी बाइक से खेत देखने जा रहे थे। तभी औराई की ओर से मीरजापुर की तरफ आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक बुरी तरह घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही टेढ़वा चौकी प्रभारी सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने घायलों को एम्बुलेंस का इंतजार किए बिना निजी वाहनों से मंडलीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश जारी है। चील्ह पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने मीरजापुर-औराई मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और अव्यवस्थित यातायात को लेकर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जगह-जगह स्पीड ब्रेकर लगाने और पुलिस निगरानी बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं, जिससे जान-माल का नुकसान होता है।