रेलवे ट्रैक पर मिला हेड कांस्टेबल का शव
रेलवे ट्रैक पर मिला हेड कांस्टेबल का शव
प्रयागराज, 25 अप्रैल। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के हंडिया थाना क्षेत्र के भेसकी गांव के पास शनिवार को रेलवे ट्रैक पर एक हेड कांस्टेबल का शव पाया गया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिर भी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि मूलरूप से गाजीपुर जिले के सादियाबाद थाना क्षेत्र के सिद्धनाथ पुरवा गांव निवासी मुख्य आरक्षी अमरनाथ यादव (42) पुत्र नरसिंह यादव वर्तमान में झूंसी थाने के 112 में तैनात थे। हालांकि वह वर्तमान में हंडिया थाना परिसर में परिवार के साथ रहते थे। शनिवार सुबह उनका शव हंडिया थाना क्षेत्र के भेसकी गांव में रेलवे ट्रैक पर मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । पूछताछ के दौरान परिवार के लोगों ने बताया कि शुक्रवार की शाम घर से ड्यूटी के लिए निकले थे। यह जानकारी मिली कि बीते काफी समय से अवसाद ग्रस्त थे। उनका उपचार भी कराया जा रहा था। डीसीपी ने बताया कि घटनास्थल सीसीटीवी कैमरे का निरीक्षण करते हुए प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। फिर भी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।