उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री ने संगम में लगाई आस्था की डुबकी

मंत्री नन्दी ने प्रदेश सरकार की ओर से किया स्वागत

उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री ने संगम में लगाई आस्था की डुबकी

प्रयागराज, 02 मार्च । देवभूमि उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने रविवार को पुण्य सलिला मां गंगा, यमुना एवं अदृश्य सरस्वती की पावन त्रिवेणी संगम में सपरिवार आस्था की डुबकी लगाकर विहंगम संगम का दर्शन किया।
तीर्थराज प्रयाग में आगमन पर उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक का उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से स्वागत एवं अभिनन्दन किया। स्नान एवं पूजन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर अपनी भावना व्यक्त करते हुए लिखा कि तीर्थराज प्रयाग के पावन संगम तट पर खड़ा हुआ तो लगा मानो समय ठहर गया हो। यहां गंगा की लहरें सदियों का इतिहास कह रही थीं, यमुना की धाराएं भक्ति का संदेश दे रही थीं और अदृश्य सरस्वती का प्रवाह ज्ञान का प्रकाश फैला रहा था। इस दिव्य धारा में सपरिवार आस्था की डुबकी लगाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

उन्होंने कहा कि, यह केवल एक डुबकी नहीं थी बल्कि आत्मा का गूढ़ संवाद था धर्म, आस्था और सनातन परम्पराओं से। जैसे ही माँ गंगा की शीतल धाराओं का स्पर्श हुआ, मन निर्मल हो गया और भीतर एक अद्भुत शांति का संचार हुआ। संगम की पावन लहरें साक्षी थीं कि महाकुम्भ मात्र एक पर्व नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति की अखंड साधना है। जहां श्रद्धा अमर रहती है, परम्पराएं युगों-युगों तक प्रवाहित होती हैं और साधना मोक्ष के शिखर तक पहुंचने का मार्ग प्रशस्त करती है।