महाप्रबंधक एवं डीआरएम एकादशों के बीच रोमांचक क्रिकेट मुकाबले महाप्रबंधक टीम विजयी
बिना विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर महाप्रबंधक टीम ने दर्ज की शानदार जीत
प्रयागराज, 12 अप्रैल उत्तर प्रदेश के प्रयागराज रेल मंडल के डीएसए ग्राउंड में रविवार को आयोजित महाप्रबंधक बनाम डीआरएम एकादश मैत्री क्रिकेट मैच में दोनों टीमों के बीच अत्यंत रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। मैच में महाप्रबंधक एकादश की टीम ने रोमांचक जीत दर्ज की।
मैच में डीआरएम टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवरों में 5 विकेट खोकर 157 रन बनाए। टीम की ओर से आकाश ने उत्कृष्ट बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 47 गेंदों में 98 रनों की पारी खेली और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। महाप्रबंधक एकादश की ओर से गेंदबाजी में डॉ. परवेज ने 3 विकेट एवं सतेंद्र ने 1 विकेट प्राप्त किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी महाप्रबंधक एकादश टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिना कोई विकेट खोए मात्र 12.1 ओवर में 158 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। महाप्रबंधक एकादश की ओर से डॉ. परवेज ने 46 गेंदों में नाबाद 98 रन बनाकर टीम को विजय दिलाई।
सीपीआरओ शशि कांत त्रिपाठी ने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए महाप्रबंधक टीम के डॉ. परवेज को “मैन ऑफ द मैच” पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं डीआरएम टीम के आकाश को बेहतर प्रदर्शन के लिए पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने आयोजक मंडल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन अधिकारियों के मध्य आपसी सौहार्द बनाते हैं और वह आपसी कार्यालयीन वातावरण में भी प्रतिबिंबित होता है।
कार्यक्रम के दौरान डीएसए स्पोर्ट्स सेल की ओर से डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने महाप्रबंधक को स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भी भेंट किया। यह मैच खेल भावना, टीम वर्क एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रतीक रहा, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।