दिल्ली में हुए धमाके की गूंज पहुंची कानपुर, आतंकी की पार्टनर का निकला मेडिकल कॉलेज कनेक्शन
दिल्ली में हुए धमाके की गूंज पहुंची कानपुर, आतंकी की पार्टनर का निकला मेडिकल कॉलेज कनेक्शन
कानपुर, 11 नवंबर । राजधानी दिल्ली में सोमवार को हुए बम ब्लास्ट की जांच के मामले में डॉक्टर मुजम्मिल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसकी पार्टनर डॉक्टर शाहीन को भी पकड़ चुकी है। खुफिया एजेंसी की जांच में यह भी निकलकर आया है कि कुछ समय पहले वह कानपुर के गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज (जीएसवीएम) में तैनात रह चुकी है।
शाहीन ने साल 2006 में जीएसवीएम में फार्मोकोलॉजिस्ट विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर का पद ग्रहण किया था। यहां पर वह साल 2013 तक प्रोफेसर रही थी। इसके बाद वह बिना किसी को बताए अचानक कहीं चली गई। जानकारी के मुताबिक शाहीन ने प्रयागराज से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की थी। उसके पहले शौहर डॉक्टर जफर सईद नेत्र रोग विशेषज्ञ हैं। पति से तलाक के बाद वह आतंकी मुजम्मिल के संपर्क में आ गयी।
कल शाम दिल्ली में हुए धमाके की जांच में पता चला है कि शाहीन जैश की महिला विंग की चीफ है। वह हिंदुस्तान में आतंकी सेना बना रही थी।
कानपुर मेडिकल कॉलेज में तैनाती के दौरान साल 2013 में बिना किसी को सूचना दिए वह कहीं चली गयी थी। कई बार कॉलेज प्रशासन की ओर से उसे पत्र भेजकर संपर्क साधने का प्रयास किया लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चला। आखिरकार थक हार कर कालेज प्रशासन ने उसे 2021 में सेवा से बर्खास्त कर दिया।
सूत्रों से यह भी पता चला है कि साल 2015 में उसका पति डॉ जफर से तलाक हो गया था। इसके बाद वह लखनऊ में रह रही थी। राजधानी दिल्ली में हुई घटना के बाद देश भर की तमाम जांच एजेंसियां पड़ताल में जुट गईं हैं। जिसे लेकर मंलगवार को जांच एजेंसियों की एक टुकड़ी कानपुर मेडिकल कॉलेज भी पहुंची यहां पर वह डॉ शाहीन से जुड़े दस्तावेज खंगाल रही है। हालांकि इस पूरे मामले पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया है।