कामर्शियल गैस सप्लाई बहाल करने की मांग : कैटर्स एसोसिएशन
कामर्शियल गैस सप्लाई बहाल करने की मांग : कैटर्स एसोसिएशन
कामर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई बंद होने से कारोबार ठप हो गया है, जल्द राहत दी जाए। मौजूदा हालात में गैस आपूर्ति बाधित रहने से शहर का खाद्य व्यवसाय गहरे संकट में पहुंच गया है और हजारों लोगों की आजीविका प्रभावित हो रही है। यह बातें बुधवार को कैटर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री को सम्बोधित मांग पत्र मंडलायुक्त के माध्यम से सौंपते हुए कही।
कैटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र कुमार गुप्ता और महामंत्री अभिषेक तिवारी के नेतृत्व में व्यापारियों ने मंडलायुक्त के. विजेंद्र पांडेय को मांग पत्र सौंपकर कामर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई सीमित रूप से पुनः शुरू कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि गैस आपूर्ति ठप होने से रेस्टोरेंट, होटल और कैटरिंग से जुड़े कारोबार पर सीधा असर पड़ा है, जिससे व्यापार लगभग बंद होने की स्थिति में पहुंच गया है।
पदाधिकारियों ने कहा कि रेहड़ी-पटरी पर भोजन बेचने वाले छोटे कारोबारी भी इस समस्या से खासे प्रभावित हैं। शहरों में कार्यरत प्रवासी मजदूरों का भोजन काफी हद तक इन्हीं छोटे भोजनालयों और ठेलों पर निर्भर रहता है, ऐसे में उनके सामने भी भोजन की दिक्कतें खड़ी हो रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अधिकांश रेस्टोरेंट और होटल पूरी तरह गैस आधारित है, ऐसे में ईंधन परिवर्तन करने में कम से कम 15 दिन का समय लगेगा।
कैटर्स एसोसिएशन ने मांग की कि जब तक वैकल्पिक व्यवस्था लागू नहीं हो जाती, तब तक छोटे सिलेंडरों को कामर्शियल उपयोग की अनुमति दी जाए या कामर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई जल्द से जल्द बहाल की जाए, ताकि व्यापारियों और आम लोगों को राहत मिल सके।
मंडलायुक्त के. विजेंद्र पांडेय ने आश्वासन दिया कि मांग पत्र को सम्बंधित विभागों तक भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।