डीजीपी ने विश्वकप विजेता क्रिकेटर दीप्ति शर्मा को किया सम्मानित
महिला क्रिकेटरों की जीत बेटियों को करेगी प्रेरित: डीजीपी
लखनऊ, 15 नवंबर । महिला क्रिकेट विश्व कप की विजेता टीम की सदस्य दीप्ति शर्मा काे पुलिस मुख्यालय में शु्क्रवार काे पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने सम्मानित किया है। दीप्ति शर्मा स्पोर्ट्स कोटे में चयनित पुलिस उपाधीक्षक के पद पर हैं।
इस मौके पर डीजीपी राजीव कृष्ण ने दीप्ति शर्मा और उनके परिजनों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय क्रिकेटर ने न केवल भारतवर्ष को गौरवान्वित किया है, बल्कि उत्तर प्रदेश और पुलिस का भी नाम ऊंचा किया है। साल 1983 में पुरुष क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक विजय के बाद से देश में क्रिकेट के प्रति आकर्षण लगातार बढ़ा है। उसी परंपरा में, भारतीय महिला क्रिकेट टीम का सात बार की चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया को हराकर विश्व कप जीतना एक ऐतिहासिक क्षण है, जो देशभर की बेटियों में नई ऊर्जा, प्रेरणा और उत्साह संचारित करेगा।
डीजीपी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए स्पोर्ट्स कोटे के माध्यम से उत्कृष्ट खिलाड़ियों को पुलिस विभाग से जोड़ा जा रहा है, जिससे पुलिस बल की खेल क्षमता सुदृढ़ हुई है। डीजीपी ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से हर क्षेत्र में सफलता संभव है।
इस मौके पर क्रिकेटी दीप्ति शर्मा ने कहा कि यूपी पुलिस का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है। वर्ल्ड कप के बाद मिला सम्मान उनके परिवार के लिए विशेष क्षण है। उन्होंने अपने भाई सुमित शर्मा के सहयोग को अपनी सफलता का आधार बताते हुए कहा कि वे आगे भी देश व उत्तर प्रदेश पुलिस का नाम रोशन करती रहेंगी।
कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों के बच्चों ने दीप्ति से उनकी सफलता से जुड़े कई रोचक प्रश्न पूछे, जिनके उत्तर उन्होंने अत्यंत सहज एवं प्रेरणादायक अंदाज में दिए। कार्यक्रम का संचालन आईजी स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारीगण और पुलिस विभाग के बच्चे मौजूद रहे।