माघ मेला की तैयारी को एक माह के अंदर करें पूर्ण : अरविंद शर्मा
--जनप्रतिनिधियों की शिकायतों पर ऊर्जा मंत्री सख्त, ‘बिना वजह कनेक्शन काटने वालों को करें सस्पेंड
प्रयागराज, 01 नवम्बर । नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के शर्मा ने प्रयागराज प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में बैठक कर आगामी माघ मेला के तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, व्यवस्थित और जनसुविधा केंद्रित रूप में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिस प्रकार महाकुम्भ के दौरान स्वच्छता कार्यों की सराहना पूरी दुनिया ने की, उसी तरह की उत्कृष्ट तैयारियां माघ मेला में भी सुनिश्चित की जाएं। इस अवसर पर उन्होंने स्वच्छता कर्मियों और मिशन शक्ति वॉलेंटियर्स को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उनकी सेवा भावना और समर्पण से ही स्वच्छता की यह पहचान बनी है।
ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री श्री शर्मा ने चीफ इंजीनियर को यमुना पार क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। खुले इलेक्ट्रिक जंक्शन बॉक्स को तुरंत सुरक्षित ढंग से कवर किया जाए, ताकि जन सुरक्षा बनी रहे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना वजह छोटे उपभोक्ताओं को परेशान करने वाले या कनेक्शन काटने वाले विद्युत कर्मियों को तत्काल सस्पेंड किया जाए।
एके शर्मा ने कहा कि संगमनगरी का माघ मेला प्रदेश की आस्था, श्रद्धा और स्वच्छता की पहचान है। इसलिए हर स्तर पर व्यवस्थाएं ऐसी हों जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिले और प्रयागराज एक बार फिर ‘स्वच्छता और सेवा’ का आदर्श मॉडल बने। इस अवसर पर महापौर गणेश केसरवानी, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगणों के अलावा सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।