छत्तीसगढ़ में हुई लूट का मीरजापुर में खुलासा, मुठभेड़ में चार अंतरराज्यीय लुटेरे गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ में हुई लूट का मीरजापुर में खुलासा, मुठभेड़ में चार अंतरराज्यीय लुटेरे गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ में हुई लूट का मीरजापुर में खुलासा, मुठभेड़ में चार अंतरराज्यीय लुटेरे गिरफ्तार

मीरजापुर, 19 फ़रवरी । एसओजी/सर्विलांस, थाना अहरौरा व अदलहाट की संयुक्त टीम ने छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए चार अंतरराज्यीय लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए। आरोपितों के कब्जे से 3.768 किलोग्राम आभूषण, 1,46,100 रुपये नकद, एक देशी पिस्टल, दो तमंचा व कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित मां विंध्यवासिनी सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उनके निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) मनीष मिश्रा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन शिखा भारती व क्षेत्राधिकारी चुनार मंजरी राव के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।

मुखबिर की सूचना पर अहरौरा क्षेत्र में बैरियर लगाकर चेकिंग के दौरान सोनवरसा नहर के पास कार संख्या CG13V7002 से दो आरोपितों को पकड़ा गया। पूछताछ में मिली जानकारी पर लखनिया दरी जंगल के पास घेराबंदी की गई। इस दौरान दो अन्य बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। घायलों को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया, जहां हालत सामान्य है।

पूछताछ में आरोपितों ने 17 फरवरी को बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में कार सवार को टक्कर मारकर हथियारों के बल पर जेवर व नकदी लूटने की बात कबूल की। सभी के खिलाफ थाना अहरौरा में बीएनएस व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजा जा रहा है।